उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनाव का मामला नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा विषय है।

HighLights
- सरकारी योजनाओं में कथित फर्जी अंगूठा निशान लगाने का आरोप
- मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को असंवैधानिक तरीके से निरस्त किया
- विधायक विक्रांत भूरिया ने हाईकोर्ट में स्वतंत्र चुनाव याचिका दायर की है
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नगर के दौरे पर आए आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक विक्रांत भूरिया ने पत्रकार वार्ता में राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण, केन-बेतवा लिंक परियोजना और विस्थापितों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।
न्यायालय से उन्हें निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद
भूरिया ने दावा किया कि मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को असंवैधानिक तरीके से निरस्त किया गया, जिसके खिलाफ उन्होंने जबलपुर हाईकोर्ट में स्वतंत्र चुनाव याचिका दायर की है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से उन्हें निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद है।
केन-बेतवा लिंक परियोजना के सर्वेक्षण पर भी सवाल
पत्रकार वार्ता में उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना के सर्वेक्षण पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला है और कई स्थानों पर ग्राम सभाओं की अनुमति के बिना कार्य किए जा रहे हैं।
आरटीआई के आधार पर कुछ दस्तावेजों का हवाला
उन्होंने वन अधिकार कानून के पालन पर भी सवाल खड़े किए। भूरिया ने आरटीआई के आधार पर कुछ दस्तावेजों का हवाला देते हुए सरकारी योजनाओं में कथित फर्जी अंगूठा निशान लगाए जाने का भी आरोप लगाया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
मुद्दों को कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से उठाएगी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से उठाएगी तथा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
