EPFO ने आधार-आधारित नई सुविधा शुरू की है, जिससे निष्क्रिय पुराने पीएफ खाते का पैसा सक्रिय UAN में आसानी से ट्रांसफर होगा। कर्मचारियों को अब दफ्तरों के…और पढ़ें

HighLights
- आधार से पुराने पीएफ खाते का ट्रांसफर अब आसान होगा।
- निष्क्रिय पीएफ बैलेंस सक्रिय यूएएन में जोड़ा जा सकेगा।
- नया डिजिटल पोर्टल ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा देगा।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अंचल में नौकरी बदलने वाले हजारों कर्मचारियों और नौकरीपेशा युवाओं के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने एक बड़ी और राहत भरी सौगात दी है। अक्सर देखा जाता है कि ग्वालियर सहित आसपास के क्षेत्रों में नौकरी बदलने के बाद कर्मचारी अपने पुराने पीएफ खाते का पैसा नए खाते में ट्रांसफर नहीं करा पाते हैं।
कई बार अलग-अलग यूएएन बनने, रिकार्ड में गड़बड़ी या पुराने खाते की पूरी जानकारी न होने के कारण गाढ़ी कमाई का पैसा निष्क्रिय खातों में फंसा रह जाता है। अब इपीएफओ के सदस्यों की इस बड़ी समस्या को दूर करने के लिए आधार-आधारित नई सुविधा शुरू की गई है, जिससे पुराने निष्क्रिय पीएफ खाते का पैसा मौजूदा सक्रिय यूएएन में ट्रांसफर करना बेहद आसान हो जाएगा।
क्या है यह नई सुविधा
इस नई व्यवस्था के तहत यदि किसी कर्मचारी का पुराना पीएफ खाता निष्क्रिय हो गया है और उसका आधार सत्यापित है, तो उस खाते को मौजूदा सक्रिय यूएएन से जोड़ने और बैलेंस ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में काफी सरल हो जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की रिटायरमेंट बचत को एक ही स्थान पर सुरक्षित लाना और मल्टीपल यूएएन की समस्या को समाप्त करना है।
कैसे काम करेगा नया ई-पोर्टल
- पुराने पीएफ खातों को नए सक्रिय यूएएन से जोड़ने या सेटलमेंट के लिए एक नया डिजिटल प्लेटफार्म तैयार किया गया है।
- इस पोर्टल पर कर्मचारी अपने आधार के ज़रिए वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। वेरिफिकेशन होते ही उन्हें अपने सालों पुराने पीएफ अकाउंट का एक्सेस मिल जाएगा।
- पुराने खाते की जानकारी मिलते ही सदस्य उस पैसे को आसानी से अपने वर्तमान एक्टिव यूएएन में ट्रांसफर कर सकेंगे या फिर उसे निकालने के लिए क्लेम कर सकेंगे।
- इस डिजिटल सुविधा के शुरू होने से ग्वालियर-चंबल अंचल के कर्मचारियों को अब न तो पीएफ दफ्तर जाने की जरूरत पड़ेगी और न ही अपनी पुरानी कंपनियों के चक्कर लगाने होंगे। सारा काम घर बैठे आनलाइन हो जाएगा।
