क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। आरोपियों ने अपने चेहरे सफेद तौलियों से ढक रखे थे। …और पढ़ें

HighLights
- पुलिस बोली-आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेंगे
- मारपीट की जिससे कंधे और पीठ में चोटें आईं
- नुकीली वस्तु गले पर अड़ाकर रुपये देने की धमकी दी
नईदुनिया न्यूज, हटा। देहात क्षेत्र में फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले युवक के साथ चार अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए। घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे रूसल्ली से हटा मार्ग पर पुलिया के पास हुई। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सोजना में कपड़े बेचकर वापस हटा लौट रहे थे
ककराई नवोदय वार्ड निवासी प्रिंस साहू भाटिया वालेद पिता बिहारी साहू ने बताया कि वह शनिवार दोपहर अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम सोजना में कपड़े बेचकर वापस हटा लौट रहे थे। इसी दौरान रूसल्ली-हटा मार्ग पर लाल रंग की डिस्कवर मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक पीछे से आए और उनका रास्ता रोक लिया।
विरोध करने पर चारों बदमाशों ने जमकर पीटा
पीड़ित प्रिंस साहू के अनुसार एक आरोपी ने लोहे की नुकीली वस्तु गले पर अड़ाकर रुपये देने की धमकी दी। विरोध करने पर चारों बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की जिससे कंधे और पीठ में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी उनके पास से 2300 रुपये नकद, आधार कार्ड सहित पर्स और करीब 16 हजार का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
बाइक की नंबर प्लेट पर डीएल 5 एस 0137 अंकित था
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों की मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर डीएल 5 एस 0137 अंकित था। घटना के बाद उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया लेकिन वे भागने में सफल रहे। घायल युवक ने पहले अस्पताल में उपचार कराया इसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
