लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। …और पढ़ें

HighLights
- संगम कॉलोनी उखरी निवासी रोहित जैन ने दर्ज कराई थी शिकायत
- सीमांकन कराने के बदले आरोपी ने एक लाख रुपये मांगे थे
- व्यापारी मित्र ने ग्राम कुलोन, तहसील शाहपुरा में खरीदी थी जमीन
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुरा तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी सीमांकन कार्य कराने के एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के निर्देश पर टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी रिश्वत की मांग कर रहा था
संगम कॉलोनी उखरी निवासी रोहित जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके एक व्यापारी मित्र द्वारा ग्राम कुलोन, तहसील शाहपुरा में खरीदी गई जमीन के सीमांकन के लिए राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत में बताया गया कि सीमांकन कराने के बदले आरोपी ने एक लाख रुपये मांगे थे।
मंगलवार को रतन कॉलोनी, कटंगा क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई की
शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी 80 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त जबलपुर ने योजना बनाकर मंगलवार को रतन कॉलोनी, कटंगा क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई की। निर्धारित स्थान पर जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 80 हजार रुपये दिए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त के निर्देशन में हुई
आरोपी की पहचान करण सिंह लोधी (56) निवासी शाहपुरा तहसील कार्यालय, जिला जबलपुर के राजस्व निरीक्षक के रूप में हुई है। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
