पीड़ित सौरभ ने पहले रूपेन्द्र और फिर कम्पनी संचालक ऋषभ जौहर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ऋषभ ने काल उठाना बंद कर दिया। …और पढ़ें

HighLights
- कंपनी खाते में दो लाख 90 हजार रुपये जमा किए
- ऋषभ जौहर के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है
- ओमती थाने में भी पहले से एफआईआर दर्ज है
नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। इलेक्ट्रॉनिक कारोबारियों के साथ कथित ठगी का एक और मामला सामने आया है। सदर क्षेत्र के व्यापारी से करीब तीन लाख रुपये लेने के बाद माल नहीं भेजने पर कैंट थाना पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत स्थित एवर होम एप्लाइंसेस कंपनी के संचालक ऋषभ जौहर के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है।
खुद को कम्पनी का रीजनल मैनेजर बताया
राजीव गांधी नगर केन्ट निवासी सौरभ मुक्ता की सदर में इलेक्ट्रॉनिक दुकान है। उनकी मुलाकात विजय नगर निवासी रूपेन्द्र श्रीवास्तव से हुई, जिसने खुद को कम्पनी का रीजनल मैनेजर बताया। रूपेन्द्र ने सौरभ को कम्पनी से जोड़ते हुए आफर लेटर भी मेल कराया।
पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला कायम किया
सौरभ ने टीवी मंगाने के लिए कंपनी खाते में दो लाख 90 हजार रुपये जमा किए, लेकिन न तो टीवी पहुंचे और न ही रकम वापस मिली। पीड़ित सौरभ ने पहले रूपेन्द्र और फिर कम्पनी संचालक ऋषभ जौहर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि ऋषभ ने काल उठाना बंद कर दिया। इसके बाद सौरभ ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला कायम किया।
ओमती में पहले से दर्ज है मामला
इसी कम्पनी के खिलाफ ओमती थाने में भी पहले से एफआईआर दर्ज है। सराफा वार्ड निवासी रीतेश जैन, जो तुलाराम चौक में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान संचालित करते हैं, ने भी कम्पनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। रीतेश ने पहले 47 हजार रुपये आरटीजीएस के जरिए भेजे थे, जिसके बदले उन्हें पांच एलईडी मिलीं।
भरोसा बढ़ा और मिला धोखा
भरोसा बढ़ा और उन्होंने छह मई को दो लाख 16 हजार रुपये का दूसरा भुगतान कर दिया। आरोप है कि दूसरी खेप कभी नहीं भेजी गई। बाद में कम्पनी संचालक ने फोन उठाना भी बंद कर दिया, जिसके बाद ओमती थाने में मामला दर्ज कराया गया।पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और कम्पनी के लेनदेन व खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- कार में बैठाकर व्यापारी को कटंगी ले गए, लेनदेन को लेकर बात नहीं मानी तो मार दी गोली
