नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। प्रेम विवाह के बाद पति द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से परेशान एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की जांच के बाद कैंट पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मामले की जांच शुरू
पुलिस के अनुसार संजय गांधी नगर मोदीबाड़ा निवासी राहुल बावरिया उर्फ अतुल की पत्नी सिया बावरिया उर्फ ऋतु (27) ने 17 मई को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की।
विवाह के बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पिता शंकरलाल बेन सहित परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने बताया कि सिया ने करीब पांच वर्ष पूर्व राहुल से प्रेम विवाह किया था। विवाह के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। आरोप है कि राहुल अक्सर सिया से झगड़ा और मारपीट करता था। स्वजन के मुताबिक कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया, लेकिन राहुल का व्यवहार नहीं बदला।
सिया ने मारपीट के बाद आत्मघाती कदम उठाया
बताया गया कि 17 मई को भी राहुल ने सिया के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने जांच और स्वजन के बयानों के आधार पर आरोपित पति राहुल बावरिया उर्फ अतुल के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
महिला के दबाव और धमकियों से परेशान व्यक्ति ने दी जान
वहीं कटंगी क्षेत्र में एक व्यक्ति की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद एक महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया है।
साथ रहने से मना करने पर बदनाम करने की धमकी
आरोप है कि महिला लगातार उस पर परिवार छोड़कर साथ रहने का दबाव बना रही थी और इंकार करने पर बदनाम करने की धमकी देती थी। पुलिस के अनुसार कटंगी के कूडन निवासी शिवकुमार श्रीवास्तव ने पांच मई की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
बेटे शिवम ने फंदे पर लटका देखा
अगले दिन सुबह बेटे शिवम ने उन्हें फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
मोबाइल जांच में सामने आए तथ्य
जांच के दौरान शिवम ने पिता का मोबाइल पुलिस को सौंपा। मोबाइल की काल डिटेल और बातचीत की जांच में मंडला जिले के बीजाडांडी निवासी रेखा सक्सेना का नाम सामने आया।
भेड़ाघाट में साथ रहने की बात कहती थी
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। जांच में पता चला कि महिला शिवकुमार पर बेटे और बहू से अलग होकर उसके साथ रहने का दबाव बना रही थी। वह भेड़ाघाट में साथ रहने की बात कहती थी। इस कारण शिवकुमार लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
महिला कई बार आत्महत्या करने को कह चुकी थी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बातचीत के दौरान महिला कई बार शिवकुमार को आत्महत्या करने तक के लिए कह चुकी थी। साथ ही बदनाम करने की धमकियां भी दी जाती थीं। आत्महत्या से करीब एक सप्ताह पहले से शिवकुमार काफी परेशान और तनावग्रस्त बताए गए। कटंगी पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपित महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- कार में बैठाकर व्यापारी को कटंगी ले गए, लेनदेन को लेकर बात नहीं मानी तो मार दी गोली
