नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पनागर क्षेत्र स्थित पहाड़खेड़ा में पालतू श्वान के हमले में छह वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मंगलवार शाम की है। बच्चे को बचाने पहुंचे लोगों पर भी कुत्ता झपटा, हालांकि वे बाल-बाल बच गए।
जिला अस्पताल विक्टोरिया में किया जाएगा
पाटन के आगासौद गांव में गत दिवस आवारा श्वान के हमले में गंभीर रूप से घायल दो सगी बहनों का इलाज अब जिला अस्पताल विक्टोरिया में किया जाएगा।
प्रमुख चिकित्सकों की देखरेख में बेहतर उपचार

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की पहल के बाद पूरा स्वास्थ्य अमला सजग हुआ और मासूम बहनों को जिला अस्पताल के सर्जिकल आइसीयू में बुधवार को भर्ती किया गया है, जहां प्रमुख चिकित्सकों की देखरेख में बेहतर उपचार आरंभ हो हुआ।
निजी अस्पताल में दोनों मासूमों का इलाज चल रहा था
हमले के बाद निजी अस्पताल में दोनों मासूमों का इलाज चल रहा था। कलेक्टर ने नईदुनिया की खबर का संज्ञान लिया है। साथ ही निर्देश दिए है कि निजी अस्पताल का खर्च भी स्वजन को नहीं देना होगा।
सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने बताया कि पाटन निवासी नरेश की दोनों बेटियों तीन साल की प्राची व ढाई माह की पूर्वी की हालत पहले से बेहतर है और अब वरिष्ठ चिकित्सक डा. केके वर्मा की निगरानी में आगे का उपचार होगा।
मासूमों के चेहरे, सिर व पैर जख्मी
चिकित्सकों के अनुसार आवारा श्वान के हमले में दाेनों मासूमों के चेहरे, सिर और पैर जख्मी हो गए है। जिनका इलाज किया जा रहा है। तीन साल की प्राची के चेहरे के आसपास श्वान ने हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया था। वहीं पूर्वी के चेहरे पर हमले के निशान हैं। क्योंकि श्वान उसे जबड़े में दबाकर भाग रहा था। लेकिन मां ने जैसे तैसे इस श्वान से अपनी बेटियों को बचाया।
14 मई की शाम की घटना
पाटन तहसील के आगासौद गांव में आवारा श्वान के हमले में दो सगी बहनें गंभीर रूप से घायल हुईं। प्राची (3 वर्ष) को बचाने के दौरान कुत्ता छोटी पूर्वी (ढाई माह) बच्ची को जबड़े में दबाकर ले भागा था। मां और ग्रामीणों की मदद से बच्चियों को बचा लिया गया, लेकिन उनके चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आई। घटना 14 मई शाम की है जब खेत के पास बनी झोपड़ी में रहने वाले नरेश भवेदी और सुलोचना बाई मजदूरी कर रहे थे।
पनागर थाना क्षेत्र की घटना, पालतू श्वान के मालिक पर एफआईआर दर्ज
पनागर क्षेत्र स्थित पहाड़खेड़ा निवासी पप्पू बर्मन का बेटा परम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मुकेश दाहिया का पालतू श्वान घर से बाहर निकल आया और अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। श्वान ने परम की दोनों जांघ, दोनों कूल्हों और हाथ के अंगूठे को बुरी तरह काट लिया।
दर्द से चीख रहे बच्चे की आवाज पर लोग पहुंचे
दर्द से चीख रहे बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने श्वान को खदेड़ना का प्रयास किया तो उन पर भी झपट पड़ा। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने लाठी और पत्थरों का डर दिखाकर श्वान को वहां से भगाया।
स्वजन ने मामले में पुलिस से शिकायत की
घायल स्थिति में परम घर पहुंचा, जिसेस्वजन तत्काल अस्पताल लेकर गए, जहां उसका उपचार किया गया। वहीं, स्वजन ने मामले में पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद श्वान के मालिक मुकेश दाहिया के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
