मामला विजयपुर तहसील कार्यालय का है जहां वीरपुर इलाके की एक महिला और उसकी बेटी जमीन सेे जुड़े काम के लिए मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंची। …और पढ़ें

HighLights
- विजयपुर तहसील कार्यालय का बताया जा रहा मामला।
- महिला को जमीन नामांतरण-बंटवारे से जुड़ा काम था।
- कई महीनों से तहसील के चक्कर लगा रही थी महिला।
नईदुनिया प्रतिनिधि, श्योपुर। जमीन के नामांतरण-बंटवारे से जुड़े काम के लिए लंबे समय से तहसील कार्यालय के चक्कर लगा-लगाकर थक चुकी महिला ने मंगलवार को अपनी बेटी के साथ तहसील कार्यालय पर पहुंचकर ऐसा कुछ किया कि, तहसील कार्यालय के बाबुओं के होश उड़ गए और वह उनके पीछे-पीछे दौड़ लगाते हुए बाजार तक पहुंच गए, फिर हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाने लगे।
मामला विजयपुर तहसील कार्यालय का है जहां वीरपुर इलाके की एक महिला और उसकी बेटी जमीन सेे जुड़े काम के लिए मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंची, जहां उन्होंने तहसीलदार और बाबुओं से गुहार लगाई लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हुई, इसके बाद उन्होंने राजस्व विभाग के बाबू की टेबल पर रखी फाइल उठा ली।
वहां से भाग निकली, बाबू भी महिला के पीछे-पीछे दौड़ पड़े, महिला और उसकी बेटी ने बाबुओं को सड़क पर भगा-भगाकर खूब थका दिया, बडी मुश्किल से महिला और उसकी बेटी बाबुओं के हाथ लगीं, इसके बाद बाबू उनके हाथ जोड़कर फाइल मांगने लगे लेकिन, महिला और उसकी बेटी ने कह दिया कि, पहले उनका काम करो, इसके बाद बाबू उन्हें समझाने लगे कि, आप कोर्ट जाओ वहां से आपका काम हो जाएगा।
इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल हुए वीडियो में महिला और उसकी बेटी सड़क किनारे बैठकर बाबुओं से कह रही हैं कि, हम कब से चक्कर लगा रहे हैं और आपने हमारी एक नहीं सुनी, इसलिए हमने सोचा कि, आप ऐसे तो सुन नहीं रहे और हम फाइल उठा ले जाएंगे तब तो सुनोगे, इस पर बाबू सफाई दे रहेहैं कि, आपके केश को तहसीलदार साहब ने खारिज कर दिया है। अब आप कोर्ट में लगाओ, वहां से आपका काम हो जाएगा।
