पोरसा में लगातार चोरी की घटनाओं से दहशत बढ़ गई। चोरों ने गोदाम और मकान में चोरी की। ग्रामीणों ने एक आरोपी पकड़ा, जबकि मंदिर चोरी के तीन संदिग्ध भी दबो …और पढ़ें

HighLights
- पोरसा में गोदाम से 10 क्विंटल सरसों चोरी हुई।
- खेतों के मकान से नकदी और जेवर चुराए गए।
- ग्रामीणों ने पीछा कर एक संदिग्ध चोर पकड़ लिया
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। पोरसा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार रात चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक ओर गोदाम से लाखों की सरसों चोरी कर ली गई, तो दूसरी ओर खेतों में बने मकान में घुसकर नकदी और जेवर पार कर दिए गए।
हालांकि दूसरी घटना में घरवालों की सतर्कता से एक संदिग्ध चोर पकड़ में आ गया। वहीं, पांच दिन पहले मंदिर में चोरी करने वाले तीन युवक दोबारा उसी क्षेत्र में घूमते मिले तो स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
गोदाम से 10 क्विंटल सरसों चोरी
शनिवार रात वार्ड क्रमांक 14 गोपालपुरा स्थित अशोक सिंह तोमर के गोदाम को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने गोदाम का गेट खुला देखा और मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर करीब 10 क्विंटल सरसों गायब मिली। चोरी गई सरसों की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
खेतों के मकान में घुसे चोर, एक पकड़ाया
इसी रात सेंथरा पंचायत क्षेत्र में खेतों के बीच बने तहसीलदार सिंह तोमर के मकान में भी तीन चोर घुस गए। चोरों ने घर की अलमारी और बक्सों को खंगालते हुए सोने की चेन, दो अंगूठियां और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। इसी दौरान घरवालों की नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। ग्रामीणों ने पीछा कर एक संदिग्ध को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। पकड़े गए युवक के पास से 315 बोर का लोडेड कट्टा भी मिला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मंदिर में चोरी करने वाले फिर पहुंचे
12 मई को हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात करने वाले तीन युवक रविवार दोपहर फिर उसी इलाके में संदिग्ध हालत में घूमते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उन्हें पहचान लिया और पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन में भय का माहौल है और पुलिस को गश्त बढ़ाने की जरूरत है।
