Jabalpur Weather: मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक तेज गर्मी और 20 मई से दोबारा लू चलने की चेतावनी दी है। …और पढ़ें

HighLights
- जबलपुर में तापमान पहुंच सकता है 44 डिग्री
- बच्चों-बुजुर्गों को घर में रहने की सलाह
- किसानों के लिए एडवायजरी जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर सहित पूरे महाकोशल क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। आसमान में छिटपुट बादल दिखाई देने के बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार आगामी 48 घंटों तक जबलपुर और आसपास के जिलों में गर्मी का प्रकोप इसी तरह बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 18 और 19 मई को गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने की संभावना है।
20 मई से लू चलने के आसार
मौसम विभाग ने 20 मई से एक बार फिर हीट वेव यानी लू चलने की आशंका जताई है। इसके चलते आने वाले दिनों में तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को घरों से बाहर निकलने में कठिनाई हो रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय दोपहर के दौरान बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार छोटे बच्चों और बुजुर्गों में लू लगने का खतरा सबसे अधिक रहता है। इसलिए उन्हें दिन के समय घर के भीतर रहने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है। इसके अलावा लोगों को धूप में निकलते समय सिर ढंकने और हल्के कपड़े पहनने की भी सलाह दी गई है।
मौसम बदलाव के बीच किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसे देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों के लिए एडवायजरी जारी की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि जिन किसानों की रबी फसलें खेतों या उपार्जन केंद्रों में खुले में रखी हैं, वे संभावित बेमौसम बारिश को देखते हुए सुरक्षा के इंतजाम कर लें। खरीफ फसल की तैयारी कर रहे किसानों को भी मौसम में बदलाव को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
