नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मंदसौर जिले की नाहरगढ़ पुलिस ने आदिवासी क्षेत्र टांडा की अंतरराज्यीय कुख्यात लच्छू गेंग के चार बदमाशों को पकड़ा है। इस गिरोह के अभी 9 बदमाश फरार है और उनकी तलाश की जा रही है। यह गैंग हर जगह ग्रिल काटकर ही घरों व अन्य जगह घुसती है और इसके सदस्य देशी औजारों से अधिकतम सात मिनट में मोटी से मोटी ग्रिल काट देते हैं।
इन बदमाशों ने मंदसौर जिले में 13 जगह चोरियां की थी इसमें मंदसौर के चिकित्सक विजयशंकर मिश्र के यहां हुई चोरी भी शामिल है। 11 राज्यों में चोरी करने वाले बदमाशों के पास से सोने-चांदी के जेवर सहित 37 लाख का सामान जब्त किया है।
एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि शनिवार को थाना नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी ने सूचना मिलने पर टांडा की कुख्यात लच्छू गेंग के चार शातिर बदमाशों 28 वर्षीय गणेश उर्फ गणपत पुत्र दितीया वसुनिया, 50 वर्षीय कैलाश उर्फ बिशन पुत्र दितीया वसुनिया दोनों निवासी रंजीतगढ़ थाना बोरी जिला अलीराजपुर, 27 वर्षीय छोटू पुत्र रेवसिंह वसुनिया निवासी नरवाली थाना टांडा जिला धार, 23 वर्षीय दिनेश उर्फ महेश पुत्र लक्ष्मण अनारे निवासी भीलवंती थाना बाग जिला धार को पकड़ लिया।

चारों क्षेत्र में किसी जगह चोरी की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से सोने-चांदी के आभूषण कुल कीमत 25 लाख रुपये, एक चार पहिया वाहन, 4 मास्क, 6 ग्लब्स, 5 पेचकस, 2 इलेक्ट्रानिक कटर, 1 कटर जब्त किया है।
मंदसौर में चार चोरिया सहित जिले में कर चुके हैं 13 चोरियां
लच्छू गेंग के सदस्य मंदसौर जिले में 13 चोरिया कर चुके हैं। इनमें मंदसौर शहर कोतवाली क्षेत्र में चार चोरिया, नारायणगढ़ की दो, पिपलियामंडी की दो, दलौदा की तीन, नाहरगढ़ की दो चोरिया की है। इसमें मंदसौर में लगभग एक साल पहले डा. विजयशंकर मिश्र के यहां हुई चोरी भी शामिल है। इसके अलावा इसी गैंग ने महाराष्ट्र के नंदूरबार और जलगांव जिले में भी डकैती की है। और वहां लोगों को चाकू मारकर घायल भी कर दिया था।
चोरी का माल खरीदने थे पारा का संदीप, जोबट के पिता-पुत्र
पुलिस ने इस मामले में झाबुआ व अलीराजपुर के तीन ज्वेलर्स को भी आरोपित बनाया है। लच्छू गेंग के सदस्य इन्हीं तीनों को लूट, डकैती व चोरी का माल बेचते हैं। पुलिस ने इस मामले में संदीप पुत्र अशोक सोनी निवासी पारा जिला झाबुआ, ललित सोनी, राहुल पुत्र ललित सोनी निवासी जोबट जिला अलीराजपुर को आरोपित बनाया है।
11 राज्यों में अपराध कर चुकी है गैंग
इस गैंग के बदमाश 11 राज्यों में चोरी, डकैती व लूट की है। इसमें पंजाब, दिल्ली,कनार्टक, झारखंड, छतीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, केरल व असम शामिल है। मप्र में बड़वानी, खंडवा, देवास, कटनी, भोपाल, मंदसौर, ग्वालियर, रतलाम, इंदौर, रायसेन में चोरी कर चुके हैं।
