नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लगातार बरस रहे बादलों ने रविवार को ब्रेक लिया। दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही पर सुबह से शाम तक छिटपुट बूंदाबांदी ही हुई। हालांकि मौसम विभाग को जो संकेत मिल रहे हैं उसके अनुसार बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तटों के ऊपर बना हुआ है।
एक द्रोणिका निम्न दाब के केंद्र से झारखंड, बिहार होते हुए उत्तर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बनी हुई है। इसी तरह अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से अगले 24 से 48 घंटे के दौरान जबलपुर संभाग के मंडला, डिंडौरी, सिवनी बालाघाट सहित सीधी, सिंगरौली, सतना, रीवा, मऊगंज, शहडोल में भारी बारिश की संभावना है। जबकि जबलपुर में आंशिक बारिश होगी। एक सितंबर के बाद बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और जबलपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश होगी।
देरी से आया मानसून, सितंबर में लगेगी झड़ी
इस बार मानसून देरी से आया है लिहाजा सितंबर में अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। सीजन में अब तक 617.3 मिमी बारिश हो चुकी है जो औसतन 47 प्रतिशत ही है। जबकि गत वर्ष आज के दिन तक 968 मिमी बारिश हो चुकी थी।
फिलहाल अगले दो दिनों में भी मौसम में विशेष बदलाव के संकेत नहीं हैं। मंगलवार और बुधवार से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
तापमान में आई कमी
फिलहाल अच्छी बारिश के कारण वातावरण में नमी घुल गई है। रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। दिन का तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ है। रविवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री कम होकर 27.9 और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
