Dhar Crime News: राजगढ़ थाना क्षेत्र छड़ावद-नयापुरा के बीच पुरानी गिट्टी खदान के पास बैठे भूपेंद्र राठौर पर दो बाइक से आए 5 आरोपियों ने गाली-गलौज कर ह…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छड़ावद और नयापुरा के बीच पुरानी गिट्टी खदान के पास बैठे युवक पर पांच लोगों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे आरोपियों ने पहले युवक से गाली-गलौज की और फिर उसे अलग ले जाकर गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और ये जांच कर रही है कि आरोपितों ने किन कारणों से युवक को गोली मारी। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ही पांचों आरोपी फरार हैं।
पकड़कर कुछ दूरी पर ले गया
पुलिस के अनुसार ग्राम छड़ावद निवासी लखन उर्फ लाखनसिंह सिसोदिया और घायल भूपेंद्र राठौर ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया गया कि दोनों टिटोड़िया खाली के पास बैठे थे। इसी दौरान पांच आरोपित दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचे। आरोप है कि आते ही आरोपितों ने भूपेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी अर्पित राठौर उसे पकड़कर कुछ दूरी पर ले गया।
इसी दौरान उसने कमर से पिस्टल निकालकर भूपेंद्र पर फायर कर दिया। गोली भूपेंद्र के बाएं पेट में लगी। इसके बाद आरोपितों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और दोनों मोटरसाइकिलों से फरार हो गए। घटना के बाद घायल भूपेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इनके खिलाफ दर्ज किया केस
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अर्पित राठौर निवासी छड़ावद, वर्तमान निवासी राजगढ़, महेश यादव निवासी छड़ावद, शुभम पाटीदार निवासी फुलगांवड़ी, हिम्मत सेप्टा निवासी अमोदिया और चेतन उर्फ पिंटू पाटीदार निवासी फुलगांवड़ी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को हाय कहना गुजरा नागवार, ब्वायफ्रेंड ने चलाई गोली, केस दर्ज
