डिंडोरी के भपसा गांव में शनिवार को खरमेर नदी की स्टॉप डेम पुलिया पार करते समय 55 वर्षीय कुंदन यादव तेज बहाव में बह गए।

HighLights
- SDRF टीम ने दो से तीन किलोमीटर तलाश की
- शनिवार शाम बारिश और अंधेरे से रेस्क्यू रुका
- रविवार सुबह फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया
नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडोरी। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के भपसा गांव में शनिवार को खरमेर नदी में हादसा हो गया। नदी पर बने स्टॉप डेम की पुलिया पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से 55 वर्षीय कुंदन यादव बह गए। घटना के 24 घंटे बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिया पार करते समय फिसला पैर
भपसा निवासी कुंदन यादव अपने भांजे सोनू लाल यादव के साथ डुंगरिया गांव से घर लौट रहे थे। बारिश के कारण खरमेर नदी उफान पर थी। नदी का पानी स्टॉप डेम की पुलिया के ऊपर से तेज रफ्तार से बह रहा था। दोनों पुलिया पार कर रहे थे, तभी अचानक कुंदन यादव का पैर फिसल गया।
पैर फिसलते ही वह तेज बहाव में आ गए और देखते ही देखते पानी की धारा के साथ बह गए। भांजे सोनू लाल यादव ने घटना के बाद शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
अंधेरा और बारिश से रोका गया रेस्क्यू
सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। शनिवार शाम को अंधेरा होने के साथ तेज बारिश जारी रहने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा। इसके बाद रविवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू किया गया।
एसडीआरएफ की टीम ने रविवार को खरमेर नदी के किनारे और गहरे कुंडों में सर्चिंग की। इसके अलावा करीब 2 से 3 किलोमीटर तक के संभावित क्षेत्रों में भी तलाश की गई। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक कुंदन यादव का कोई पता नहीं चल सका था।
तेज बहाव बना तलाश में बाधा
लगातार बढ़ा हुआ जलस्तर और नदी का तेज बहाव एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना हुआ है। टीम संभावित स्थानों पर लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनती नदी, नाले, रपटा और पुल-पुलियों को पार करने से बचें। पुलिस का कहना है कि तेज बहाव के बीच नदी पार करने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।
