नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। प्रकाश बम्होरी थाना क्षेत्र के प्रकाश बम्होरी गांव में सोमवार को हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां घरेलू विवाद के चलते एक 21 वर्षीय महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगा दी। हादसे में महिला और दोनों बच्चों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार भगवती कुशवाहा (21) ने अपने करीब डेढ़ वर्षीय बेटे पुष्पेंद्र कुशवाहा और तीन वर्षीय बेटी संध्या कुशवाहा के साथ कुएं में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रकाश बम्होरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनाें की मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है।
पुलिस प्रारंभिक तौर पर घटना को घरेलू विवाद से जोड़कर देख रही है। हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया और विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रकासबम्हाेरी थाना प्रभारी श्याम वैन ने बताया कि मामले में जांच की जार रही है। जल्द की घटना का खुलासा किया जाएगा।
