नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। कुत्ता काटने के बाद एक सांड बेकाबू हो गया। मंगलवार दाेपहर को सांड एसपी कार्यालय परिसर में पहुंच गया। यहां सांड ने करीब दो घंटे तक उत्पात मचाया। इसके बाद उसे पकड़ने पहुंचे गो रक्षकों को चकमा देकर सांड वहां से भाग निकला।
बाहर निकलने के लिए सांड ने एसपी कार्यालय परिसर के करीब छह फीट ऊंचे बंद दरवाजे को फांदने के लिए छलांग लगा दी, हांलाकि वहां मौजूद गो रक्षकों ने गेट खोल दिया, अन्यथा सांड को चोट भी लग सकती थी।
इसके बाद मुख्य मार्ग पर दौड़ने के दौरान सांड ने एक बाइक सवार और एक फल के ठेले को टक्कर मारी। इसके बाद सांड नपा की जल शाखा के परिसर में घुस गया, जहां करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया गया।
कुत्ते के काटने के बाद सांड हुआ बेकाबू, बाजार में चार घंटे मचाया उत्पात, रेबीज की आशंका pic.twitter.com/CRkWPHRrFW
— NaiDunia (@Nai_Dunia) July 14, 2026
आशंका जताई जा रही है कि कुत्ते के काटने से सांड में रैबिज के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार को एसपी कार्यालय में जनसुनवाई चल रही थी और कई आवेदक अपनी समस्याएं लेकर आए थे।
इस दौरान सांड परिसर में आ गया। कुछ देर यहां-वहां दौड़नेे के बाद सांड साइबर शाखा के सामने खड़ा हो गया। इस दौरान कर्मचारी सांड के सामने आने से डरने लगे।
सूचना पर गो रक्षक सदस्य सांड काे काबू करने एसपी कार्यालय परिसर पहुंचे। सांड भाग कर बाहर ना जाए, इसके लिए परिसर का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया।
लेकिन जैसे ही फंदा बनाकर सांड को पकड़ने की कोशिश की गई तो सांड ने अचानक तेज दौड़ लगा दी। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले सांड ने करीब छह फीट ऊंचे मुख्य द्वार को फांदने के लिए छलांग लगा दी। हांलाकि गो रक्षकों ने तुरंत द्वार खोल दिया।
मुख्य मार्ग पर मची अफरा-तफरी
एसपी कार्यालय परिसर से निकलकर सांड टीआईटी काम्प्लैक्स से नपा कार्यालय की ओर दौड़ने लगा। भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में सांड को तेजी से दौड़ता देख लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सांड की टक्कर से एक बाइक सवार गिर गया। वहीं ठेले वाले के आम सड़क पर फैल गए। इसके बाद गुस्साया सांड नगर पालिका की जल शाखा परिसर में घुस गया।
पानी का छिड़काव कर किया शांत
गो रक्षक व रेस्क्यू टीम सांड का पीछा करते हुए जल शाखा परिसर पहुंची। यहां भी करीब दो घंटे तक सांड पर काबू पाने का प्रयास किया गया। इस दौरान फायर फाइटर से सांड पर पानी का छिड़काव कर, उसका गुस्सा शांत किया गया। इसके बाद बचाव दल सदस्यों ने रस्सी का फंदा बनाकर सांड को पकड़ा और सावधानीपूर्वक वाहन में बंद किया। इस दौरान गो माता सेवा संस्थान के सतीश राठौड़ सहित अन्य सदस्यों ने खासी मेहनत की।
