शहर के मुरार क्षेत्र में किशोर को डरा-धमकाकर घर से गहने चोरी कराने और इन्हें हड़पने का मामला सामने आया है। किशोर ने अपने नाबालिग रिश्तेदार से रुपये उध…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के मुरार क्षेत्र में किशोर को डरा-धमकाकर घर से गहने चोरी कराने और इन्हें हड़पने का मामला सामने आया है। किशोर ने अपने नाबालिग रिश्तेदार से रुपये उधार लिए। नाबालिग रिश्तेदार ने उधार दी रकम पर 50 प्रतिशत ब्याज मांगा। उसने कुछ पैसा लौटा भी दिया, इसके बाद हर महीने मोटा ब्याज वसूलने के चक्कर में किशोर को धमकाना शुरू कर दिया।
किशोर के नाबालिग रिश्तेदार व उसके दोस्त ने गोली मारने की धमकी देकर रुपये मांगे। जब रुपये नहीं दे पाया तो घर से सोने के गहने चोरी करवा लिए। इस मामले में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीरा नगर निवासी कमल किशोर गुप्ता पुत्र जयदयाल गुप्ता किराने की दुकान चलाते हैं। घर के पास ही लीलाधर जैन की दुकान किराये से लिए हुए हैं। उनकी बेटी देवास में नौकरी करती है। वह 29 जून को बेटी के पास देवास गए हुए थे। दो जुलाई तक वह देवास में ही रहे। इस दौरान दुकान की जिम्मेदारी उनका नाबालिग बेटा संभाल रहा था। इन पांच दिनों में ही दुकान के गल्ले में रखे गहने चोरी कर उनके बेटे ने नाबालिग रिश्तेदार व उसके दोस्त को दे दिए।
गल्ले से गहने गायब… बेटे से पूछा तो पहले चुप रहा, फिर रोकर बताई घटना
जब कमल किशोर लौटकर आए तो दुकान पर पहुंचे। उनकी दुकान का गल्ले का ताला बंद था। जब दूसरी चाबी से ताला खोला तो इसमें से गहने गायब थे। इस संबंध में बेटे से बात की। पहले तो वह चुप रहा, फिर उसने रोते हुए पूरी घटना बताई।
उसने बताया कि रुपये की जरूरत होने पर रिश्तेदार से रुपये उधार लिए थे। उसी ने 50 प्रतिशत ब्याज लेने की बात कही। उसने पूरा पैसा लौटा दिया। इसके बाद भी वह ब्याज के रुपये मांगता रहा। इस तरह बार-बार ब्याज बढ़ता गया। दस गुना रकम उधार बताने लगा। उसने डराया और बंदूक तक अड़ा दी। तब उसने गहने चोरी कर उसे दे दिए।
