विदिशा के गमाखर गांव में आधी रात घर में घुसे बदमाश से महिला ने करीब 30 मिनट तक संघर्ष कर अदम्य साहस का परिचय दिया।

HighLights
- आधी रात घर में घुसे बदमाश से महिला ने करीब 30 मिनट तक संघर्ष कर किया
- बदमाश ने महिला को काबू करने गला दबाया और जेवर लूट कर फरार हो गया
- ग्रामीणों ने गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा/ गंजबासौदा । गंजबासौदा क्षेत्र के ग्राम गमाखर में एक महिला ने आधी रात घर में घुसे बदमाश का अकेले मुकाबला कर अदम्य साहस का परिचय दिया। बदमाश ने महिला का गला दबाकर उसे बेहोश करने और आभूषण लूटने की कोशिश की, लेकिन महिला करीब आधे घंटे तक उससे संघर्ष करती रही।
आखिरकार बदमाश उसके कानों के सोने के झुमके, मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घर में अकेली थी महिला
जानकारी के अनुसार पीड़िता प्रीतीबाई घर में अकेली थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात एक बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आया। आहट होने पर महिला की नींद खुल गई तो आरोपी ने उसका गला दबाकर काबू में करने का प्रयास किया। इसके बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और पूरी ताकत से विरोध किया।
यह भी पढ़ें- MP में निवेशकों के लिए खुशखबरी: होटल, रिसॉर्ट और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, 30 से 90 साल तक की लीज पर मिलेगी सरकारी जमीन
30 मिनट तक चला संघर्ष
करीब 30 मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। संघर्ष के दौरान महिला को चोटें भी आईं, लेकिन उसने लगातार शोर मचाने और अपना बचाव करने की कोशिश जारी रखी।
आखिरकार बदमाश महिला के जेवर छीनकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद महिला सदमे में है। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी शिखा भलावी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि महिला ने साहस और सूझबूझ का परिचय नहीं दिया होता तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। उन्होंने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
