शुरुआत में प्रदर्शन सांकेतिक नजर आया, लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो …और पढ़ें

HighLights
- निरावली तिराहा पर कांग्रेस का चक्काजाम
- ग्वालियर-भिंड-मुरैना रूट पर वाहनों की लंबी कतारें
- ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए चार गुना मुआवजा और समर्थन मूल्य खरीदी की मांग पर आंदोलन
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना समेत मध्य प्रदेश के सात जिलों में कांग्रेस ने गुरुवार को किसानों के मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया। पार्टी ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मुरैना जिले के बानमोर थाना क्षेत्र स्थित निरावली तिराहा पर सुबह 11 बजे से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे। शुरुआत में प्रदर्शन सांकेतिक नजर आया, लेकिन भीड़ बढ़ने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
चार बजे तक होगा चक्काजाम
कांग्रेस नेताओं ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में किसानों को हो रही परेशानियों और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित जमीनों का चार गुना मुआवजा देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के चलते मुरैना, भिंड और ग्वालियर की ओर आने-जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित हो गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस शाम चार बजे तक चक्काजाम जारी रखने की तैयारी में है।
आंदोलन में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह सहित मुरैना, भिंड और ग्वालियर क्षेत्र के कई विधायक और पदाधिकारी शामिल रहे।
इधर, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि हाईवे जाम नहीं होने दिया जाएगा और यातायात बाधित करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांकेतिक धरना दे सकती है, लेकिन सड़क जाम करने की अनुमति नहीं है। मौके पर 250 से अधिक पुलिसकर्मी और रिजर्व फोर्स तैनात की गई है।
