पुलिस का मानना है कि मृतका की शिनाख्त होने के बाद मामले के कारणों और परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी। …और पढ़ें

HighLights
- हाथों में मेहंदी और पास पड़ा मिला बालों का जुड़ा
- शव करीब दो दिन पुराना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
- शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के थानों से मांगा रिकॉर्ड
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। गोराघाट थाना क्षेत्र में हाईवे पर उपराय पुल के समीप सोमवार सुबह एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने पुल के पास महिला का जला हुआ शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गोराघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। शव करीब दो दिन पुराना होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
परिस्थितियां संदिग्ध
थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर प्रारंभिक जांच की जा रही है। महिला के हाथों में मेहंदी लगी हुई थी, जबकि उसके बालों का जुड़ा भी पास में पड़ा मिला। शव पर केवल ब्लाउज होने की बात सामने आई है। परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
पहचान छिपाने शव को जलाया!
पुलिस को आशंका है कि महिला की मृत्यु के बाद उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को जलाने का प्रयास किया गया है। हालांकि वास्तविक स्थिति का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं मृतका की पहचान करने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि मृतका की शिनाख्त होने के बाद मामले के कारणों और परिस्थितियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।
