सिविल लाइन पुलिस ने स्व सहायता समूह की अध्यक्ष, सचिव और संचालनकर्ता (समूह अध्यक्ष के पति) पर एफआईआर दर्ज कर ली है। …और पढ़ें

HighLights
- मिट्टी की बोरियां वेयरहाउस भेजने के मामले में तीन लोगों पर एफआईआर
- नवदुनिया की खबर के बाद कलेक्टर ने बनाई थी जांच समिति
- जिला आपूर्ति नियंत्रक समेत संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर। गेहूं की जगह मिट्टी की बोरियों को वेयरहाउस पहुंचाने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने स्व सहायता समूह की अध्यक्ष, सचिव और संचालनकर्ता (समूह अध्यक्ष के पति) पर एफआईआर दर्ज कर ली है। देर रात हुई यह एफआईआर नागरिक आपूर्ति निगम डीएम की ओर से कराई गई है। बता दें, नवदुनिया ने इस भ्रष्टाचार के मामले को प्रमुखता के साथ उठाया था।
गेहूं की जगह मिट्टी भरी हुई थी
बीते दिनों सिरोंजा स्थित हर्षिका स्व सहायता समूह द्वारा 600 गेहूं की बोरियां गंभीरिया के लक्ष्मीनगर स्थित देव प्रभाकर वेयरहाउस में भेजी गई थीं। इस दौरान कुछ बोरियां वेयरहाउस में रखी जा चुकी थीं। तभी बोरियों की जांच की गई तो पता चला कि उनमें गेहूं की जगह मिट्टी भरी हुई थी। वेयरहाउस संचालक ने तुरंत बोरियों को वापस करा दिया और मामले की शिकायत अधिकारियों से की।
इस भ्रष्टाचार को लेकर लगातार खबरों के प्रकाशन और इंटरनेट मीडिया पर वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद कलेक्टर प्रतिभा पाल ने एक जांच कमेटी बनाई थी। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है, जिसमें गड़बड़ी पाई गई।
इन पर हुई एफआईआर
रिपोर्ट के आधार पर नागरिक आपूर्ति निगम डीएम रोहित बघेल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने हर्षिका स्व सहायता समूह की अध्यक्ष बबीता सेन, सचिव नेहा सेन और पति दीपक सेन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(4), 316(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
उधर, इस गड़बड़ी का खुलासा होने के बाद जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति बघेल, एएसओ निशांत पांडे, आरएम और एनआरएलएम को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में अब एक घर में दो गैस कनेक्शन रखना गैर-कानूनी! PNG आने पर बंद होगी एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग; जानें नए नियम
