पद्मश्री सम्मानित कबीर लोकगायक भेरू सिंह चौहान का चयन पारंपरिक लोक संगीत (निर्गुण गायन) श्रेणी में किया गया है। …और पढ़ें

HighLights
- पद्मश्री भेरू सिंह चौहान का चयन संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार 2025 के लिए हुआ
- पारंपरिक लोक संगीत एवं निर्गुण गायन श्रेणी में मिलेगा देश का सर्वोच्च रंग-संगीत सम्मान
- राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किए जाएंगे महू के लोकगायक भेरू सिंह चौहान
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू (इंदौर)। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2024 एवं 2025 के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। वर्ष 2025 की पुरस्कार सूची में महू के बजरंगपुरा निवासी एवं पद्मश्री सम्मानित कबीर लोकगायक भेरू सिंह चौहान का चयन पारंपरिक लोक संगीत (निर्गुण गायन) श्रेणी में किया गया है।
देश का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है
संगीत, नृत्य, नाटक, अभिनय, निर्देशन एवं अन्य कला विधाओं के क्षेत्र में दिए जाने वाले संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार को देश का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है। विभिन्न कला क्षेत्रों के कुल 108 कलाकारों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है।
दो प्रमुख कलाकारों का चयन
मध्य प्रदेश से इस वर्ष दो प्रमुख कलाकारों का चयन हुआ है। इनमें पारंपरिक लोक संगीत एवं निर्गुण गायन के लिए पद्मश्री भेरू सिंह चौहान तथा नाटक निर्देशन श्रेणी में सतीश दवे शामिल हैं।
महत्वपूर्ण योगदान दे रहे
पद्मश्री भेरू सिंह चौहान लंबे समय से मालवा-निमाड़ क्षेत्र की लोक संगीत परंपराओं और निर्गुण गायन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। अकादमी द्वारा जारी सूची के अनुसार, पुरस्कार राष्ट्रपति के हाथों प्रदान किए जाएंगे। हालांकि, पुरस्कार वितरण समारोह की तिथि की घोषणा अभी नहीं की गई है।
यह भी पढ़ें- ईरानी डेरे में 50 पुलिसकर्मियों का बड़ा एक्शन, 24 केस वाले मोस्ट वांटेड समेत पन्ना का शातिर लुटेरा गिरफ्तार
