एसटीएफ ने इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी माने जा रहे आरोपित अर्जुन मालवीय को बैतूल जिले के भैंसदेही से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घ …और पढ़ें

HighLights
- गांधीनगर की अवैध रीपैकिंग यूनिट से जुड़ा था कूट कनेक्शन
- एसटीएफ ने दबोचा आनरेक्स सिरप कांड का मुख्य मोहरा
- नशीली शीशियों की खेप खपाने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश एसटीएफ को नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी माने जा रहे आरोपित अर्जुन मालवीय को बैतूल जिले के भैंसदेही से गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय ने उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर एसटीएफ को सौंप दिया है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों और कारोबार के विस्तार से पूछताछ की जा सके।
डमी मेडिकल स्टोर का भंडाफोड़
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के टीलाखेड़ी निवासी अर्जुन मालवीय ने पुलिस और ड्रग विभाग की नजरों से बचने के लिए बागसेवनिया स्थित सुरेंद्र पैलेस में अर्जुन ट्रेडर्स के नाम से एक डमी मेडिकल स्टोर खोल रखा था। कागजों में यह दवाओं के क्रय-विक्रय की वैध दुकान थी, लेकिन वास्तव में वहां कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं होती थी। इस फर्म का उपयोग केवल नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप मंगाने और दस्तावेजी हेरफेर के लिए किया जा रहा था।
अवैध रीपैकिंग यूनिट और बड़ी बरामदगी
गौरतलब है कि 28-29 मई की दरम्यानी रात एसटीएफ ने गांधीनगर क्षेत्र की पटेल सिटी स्थित एक मकान पर छापा मारा था। वहां संचालित अवैध रीपैकिंग यूनिट से आनरेक्स ब्रांड की नशीली कफ सिरप की 49,920 शीशियां बरामद की गई थीं। जांच में पता चला कि अर्जुन ट्रेडर्स के नाम पर मंगाई गई यह खेप सीधे इसी अवैध यूनिट में पहुंचाई जाती थी।
यहां कोडीन युक्त सिरप की रीपैकिंग कर उसे प्रदेश के विभिन्न जिलों में खपाया जाता था। छापे के बाद से अर्जुन मालवीय फरार था और उसकी तलाश में एसटीएफ की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी को इस अवैध कारोबार से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
