नन्हे शिकायतकर्ता ने बताया कि दो महीने से यह हालात हैं। …और पढ़ें

HighLights
- जनसुनवाई में पांच-पांच रुपये वाल टॉफियां रिश्वत में लेकर पहुंचा छठवीं का छात्र
- जिला पंचायत सीईओ की टेबल पर रखकर कहा मेरी शिकायत सुन लीजिए
- अनूठा विरोध देख अधिकारी भी सन्न रह गए
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। श्रीमान, अगर कुछ ले-देकर ही काम करना है तो यह टॉफियां ले लीजिए, लेकिन हमारी शिकायत सुन लीजिए। गली में सीवर की बदबू और गंदे पानी से स्कूल जाना दूभर हो गया है। मंगलवार को कलेक्टोरेट में हुई जनसुनवाई में बैठे जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव की टेबल पर चार टॉफियां रखते हुए यह बात छठवीं के छात्र मानवेंद्र सिंह ने कही। इस मासूम शिकायतकर्ता का अनूठा विरोध देख अधिकारी भी सन्न रह गए।
पंडित चक्की के पास रास्ते में भरा है गंदा पानी
संजय कालोनी निवासी नौ वर्षीय मानवेंद सिंह कक्षा छठवीं का छात्र है। मंगलवार को जनसुनवाई में रिश्वत की चार टॉफियों के साथ आवेदन देते हुए मानवेंद्र सिंह ने बताया कि संजय कालोनी में पंडित चक्की के पास रास्ते में गंदा पानी भरा है। दो महीने पहले पड़ोसी ने बोर किया, उससे सीवर लाइन फूट गई है, अब गंदा पानी गली में भर गया है।
इससे पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। नन्हे शिकायतकर्ता ने बताया कि दो महीने से यह हालात हैं। जिपं सीईओ चार टॉफियां देते हुए मानवेंद्र ने कहा कि मैं पहले पांच मई को हुई जनसुवाई में भी शिकायत लेकर आया, आपने कहा निगम की टीम भेजते हैं, लेकिन कोई नहीं किया। ले-देकर काम कर दीजिए। यह सुन जिपं सीईओ ने तत्काल नगर निगम अफसरों को फोन कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
