करीब 3 बजे फरदीन और फिरोज जैसे ही 40 लाख रुपये से भरा काला बैग लेकर घर के गलियारे से मुख्य दरवाजे की ओर ऊपर जा रहे थे, तभी ब्लिंकिट कंपनी की वेशभूषा प…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। शहर में ब्लिंकिट कंपनी की वेशभूषा पहनकर आए दो अज्ञात आरोपितों ने 40 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात उस समय हुई, जब शराब दुकानों की बिक्री की नकदी घर के कार्यालय से ऊपर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध लूट का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फरियादी मनीष पटवा ने रिपोर्ट में बताया कि उसके मित्र गौरव शर्मा की रतलाम शहर में शराब ठेकों की दुकानें हैं। 26 जून से 28 जून तक बैंक अवकाश होने के कारण गौरव शर्मा ने फोन पर बताया था कि गुरुवार 25 जून, शुक्रवार 26 जून, शनिवार 27 जून तथा रविवार 28 जून 2026 की शराब बिक्री का कलेक्शन उसके पास भिजवा रहा हूं, जिसे बाद में बैंक खुलने पर जमा करा देना।
29 जून की दोपहर गौरव शर्मा का कर्मचारी अमित शराब दुकानों की बिक्री की कुल 40 लाख रुपये की नकदी मनीष पटवा के घर के नीचे स्थित कार्यालय में लेकर पहुंचा। अमित ने यह राशि मनीष के कर्मचारी फरदीन तथा उसके पिता फिरोज को सुरक्षित रखने के लिए सौंप दी। दोनों ने नकदी गिनकर मनीष को इसकी जानकारी दी। इस पर मनीष ने पूरी राशि काले रंग के बैग में रखकर ऊपर घर में ले आने के लिए कहा।
करीब 3 बजे फरदीन और फिरोज जैसे ही 40 लाख रुपये से भरा काला बैग लेकर घर के गलियारे से मुख्य दरवाजे की ओर ऊपर जा रहे थे, तभी ब्लिंकिट कंपनी की वेशभूषा पहने और मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात आरोपित वहां पहुंचा। आरोपित ने फरदीन को जान से मारने का भय दिखाकर उसके हाथ से जबरन नकदी से भरा बैग छीन लिया और भागने लगा।
फरदीन एवं फिरोज ने उसका पीछा करने का प्रयास किया तो आरोपित ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार घर के बाहर सड़क पर पहले से ही ब्लिंकिट कंपनी की वेशभूषा में स्कूटी लेकर एक अन्य अज्ञात आरोपित योजनाबद्ध तरीके से खड़ा था। बैग छीनने वाला आरोपित उसके साथ स्कूटी पर सवार हुआ और दोनों 40 लाख रुपये से भरा काला बैग लेकर गायत्री टाकीज की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद मनीष पटवा ने अपने मित्र गौरव शर्मा को पूरी जानकारी दी। घबराहट के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। मनीष के अनुसार गौरव शर्मा उस समय उज्जैन आए हुए थे। अगले दिन रतलाम पहुंचने पर उन्होंने घटनास्थल देखा और इसे लूट की वारदात बताते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी।
इसके बाद मनीष पटवा थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी जितेन्द्रसिंह जादौन ने बताया कि अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा टीम आरोपितों की तलाश में जुटी है।
