छोला मंदिर थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित द्वारा पीड़िता को धमकाने और समझौते के लिए दबाव बनाने का मामला …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला मंदिर थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में जमानत पर छूटे आरोपित द्वारा पीड़िता को धमकाने और समझौते के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोपित बीते कई दिनों से लगातार पीड़िता पर समझौता करने का दबाव बना रहा था। वह पुराने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। साथ ही उस पर हमला भी करवाया है। पीड़िता की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एक और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में आरोपित नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। करीब आठ दिनों तक वह उसके कब्जे में रही। बाद में किशोरी किसी तरह उसके चंगुल से निकलकर अपने स्वजनों के पास पहुंची।
जेल से बाहर आते ही फिर शुरू की प्रताड़ना
एएसआइ विनीता छिब्बर ने बताया कि मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने अपहरण और पाक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हाल ही में आरोपित जमानत पर रिहा होकर बाहर आया। इसके बाद से वह पीड़िता पर समझौता करने का दबाव बना रहा है।
कोर्ट परिसर में हाथ पकड़ा, शादी के लिए बना रहा दबाव
शिकायत के अनुसार आरोपित ने कोर्ट परिसर में भी पीड़िता का हाथ पकड़कर उसे समझौता करने के लिए धमकाया था। इसके बावजूद जब बात नहीं बनी तो उसने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपित लगातार उसका पीछा करता है और उससे शादी करने का दबाव बनाता है।
यह भी पढ़ें- सतना रेलवे स्टेशन पर बड़ी लापरवाही… डिस्प्ले और अनाउंसमेंट में ‘इंटरसिटी’, पटरी पर पहुंच गई ‘महाकौशल एक्सप्रेस’
साथ ही वह फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर डराने की कोशिश कर रहा है। आरोपित की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है और वह पहले से विवाहित है। फिलहाल आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
