बागसेवनिया क्षेत्र में बेटी को स्कूल छोड़ने पहुंचे डॉक्टर दंपती की अनलॉक कार से चोर 3 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, टैबलेट और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।

HighLights
- बागसेवनिया क्षेत्र में बेटी को स्कूल छोड़ने पहुंचे डॉक्टर दंपती की कार से चोरी
- अनलॉक कार से 3 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, टैबलेट और अन्य सामान हुआ गायब
- बच्ची को स्कूल के अंदर छोड़ने की जल्दबाजी में डॉक्टर दंपती कार लॉक करना भूल गए
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। बागसेवनिया इलाके में बुधवार सुबह कार से बैग चोरी का मामला सामने आया है। घटना के समय डॉक्टर दंपती बेटी को स्कूल छोड़ने के लिए पहुंचे थे, तभी जल्दबाजी में कार को लॉक करना भूल गए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बरखेड़ा पठानी अवधपुरी निवासी डॉ. आदित्य पाठक की बेटी साकेत नगर स्थित स्कूल में पढ़ती है। बुधवार सुबह वह बेटी को कार से स्कूल छोड़ने पहुंचे थे। बच्ची स्कूल जाने के लिए मना करने तो डॉक्टर दंपति ने बेटी को समझाया और स्कूल को अंदर तक छोड़ने चले गए।
10 मिनट में सामान गायब
इस दौरान वह कार को लाक करना भूल गए थे। करीब दस मिनट बाद वापस लौटे तो कार की सीट पर रखा उनका बैग गायब था। उन्होंने थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चोरी गए बैग में 3 लाख रुपये नकद, एक लैपटॉप, एक टेबलेट, एटीएम कार्ड, पर्स समेत अन्य सामान रखा हुआ था।
पुलिस स्कूल के गेट पर लगे सीसीटीवी की मदद से आरोपितों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
