आरक्षक मनीष राजौरिया पर आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना …और पढ़ें

HighLights
- दबोह थाने में पदस्थ है आरक्षक मनीष राजौरिया
- धर्मनगर में बीच सड़क पर हुआ जमकर हंगामा
- पुलिस ने शुरू की वीडियो की जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। देहात थाना अंतर्गत सीतानगर के पास स्थित धर्मनगर में पत्नी का पड़ोसियों से विवाद के बाद दबोह थाने में पदस्थ एक आरक्षक छुट्टी लेकर घर आया और उसने पड़ोसियों से जमकर गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद देहात थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद आरक्षक और पड़ोसियों ने एक-दूसरे के खिलाफ देहात थाना में आवेदन दिया है।
आरक्षक मनीष की पत्नी का पड़ोसी भावना से चल रहा है विवाद
जानकारी के अनुसार दबोह थाने में पदस्थ आरक्षक मनीष राजौरिया की पत्नी और बच्चे धर्म नगर-सीतानगर में रहते हैं। पिछले कुछ दिनों से उनकी पत्नी का पड़ोसी भावना पत्नी रमेशसिंह राजावत निवासी धर्मनगर वार्ड नौ के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पहले भी गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की शिकायत पुलिस तक पहुंची थी, जिस पर दोनों पक्षों को बुलाकर समझाइश दी गई थी।
बताया जा रहा है कि विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ। इसके बाद आरक्षक मनीष राजौरिया शुक्रवार को ड्यूटी से अवकाश लेकर भिंड पहुंचे। इसी दौरान मोहल्ले में उनका पड़ोसियों से फिर विवाद हो गया। आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देहात थाना कर रही मामले की जांच
देहात थाना टीआइ शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायती आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी को बुलाकर समझाइश दी गई है और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित वीडियो की भी जांच कराई जा रही है। तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों टीआई की सफाई…
- दोनों पक्षों से शिकायत मिली है। उन्हें समझाइश देकर शांति बनाए रखने को कहा गया है। बहुप्रसारित वीडियो की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। – शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई थाना देहात
- आरक्षक मनीष राजौरिया ने थाने से अवकाश लेते समय बताया था कि उनके परिवार को पड़ोसी परेशान कर रहे हैं। छुट्टी के दौरान क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं हैं। – रवि उपाध्याय, टीआई थाना दबोह
