नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड। अटेर क्षेत्र के करीब 20 गांवों में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से जहां पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है, वहीं छोटे कारोबार, कारखाने और अन्य दैनिक गतिविधियां भी ठप पड़ गई हैं। लगातार तीन दिन से बिजली गुल रहने से लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार अटेर सब स्टेशन से जुड़े करीब 20 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली नहीं होने से पेयजल संकट गहरा गया है। इसके अलावा बैंक, डाकघर और अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं। गर्मी के मौसम में बिजली बंद रहने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
बिजली विभाग के अधिकारियों से जानकारी लेने पर बताया गया कि भिंड से आने वाली 33 केवी लाइन में खराबी आने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। तकनीकी टीम द्वारा लाइन सुधारने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। जिन गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है, उनमें सोई, जौरा, कमेरा, रावली, कल्याणपुर, बालेश्वर, सोनी का पूरा, परा का पूरा, रमता, रुदौली, कसपुरा, देवपुरा, बगुला, जवासा सहित आसपास के अन्य गांव शामिल हैं।
स्थानीय ग्रामीण विनोद शर्मा, सुरेश प्रजापति, रामनरेश, अखिलेश यादव, बंटी बघेल सहित अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और बिजली विभाग से शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द बिजली चालू नहीं की गई तो पेयजल और अन्य आवश्यक सेवाओं का संकट और गहरा जाएगा।
