दीपंकर राय, नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के छह रेलवे स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर यात्रियों की सेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित इन स्टेशनों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इनमें जबलपुर मंडल का ब्यौहारी, भोपाल मंडल के विदिशा, सांची, शिवपुरी एवं अशोकनगर और कोटा मंडल का गंगापुर सिटी जंक्शन शामिल हैं।
पश्चिम मध्य रेलवे के 45 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है, जिनमें से पहले चरण में छह स्टेशनों का कायाकल्प पूरा हो चुका है। स्टेशन भवनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्था और डिजिटल तकनीक पर विशेष ध्यान दिया गया है। रेलवे का मानना है कि इन स्टेशनों के विकसित होने से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
रेलवे स्टेशनों पर यह हुआ अपग्रेड
पुनर्विकास के दौरान स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वारों का आधुनिकीकरण, विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण किया गया है। डिजिटल सूचना प्रणाली, कोच पोजीशन डिस्प्ले, आधुनिक साइनेज और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली जैसी सुविधाएं यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देंगी। वहीं, दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ, व्हीलचेयर, विशेष शौचालय और सुगम पहुंच मार्ग भी विकसित किए गए हैं।
अमृत भारत स्टेशन योजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक स्टेशन को स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप विकसित किया गया है। इससे स्टेशन केवल यात्रा का केंद्र नहीं बल्कि शहर की नई पहचान बनेंगे।
इन स्टेशनों पर विकसित प्रमुख सुविधाएं
- आधुनिक एवं आकर्षक स्टेशन भवन और फसाड
- विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया एवं पार्किंग व्यवस्था
- 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज, लिफ्ट एवं एस्केलेटर
- हाई लेवल प्लेटफॉर्म एवं नए प्लेटफार्म शेल्टर
- वातानुकूलित एवं आधुनिक प्रतीक्षालय
- डिजिटल ट्रेन सूचना बोर्ड एवं कोच पोजीशन डिस्प्ले सिस्टम
- आधुनिक साइनेज एवं डिजिटल प्लेटफार्म घड़ियां
ब्यौहारी रेलवे स्टेशन
लागत : 20.58 करोड़ रुपये
कटनी-सिंगरौली रेलखंड का प्रमुख स्टेशन।
विदिशा रेलवे स्टेशन
लागत : 29.46 करोड़ रुपये
भोपाल मंडल का महत्वपूर्ण स्टेशन।
सांची रेलवे स्टेशन
लागत : 15.32 करोड़ रुपये
विश्व प्रसिद्ध बौद्ध पर्यटन स्थल का प्रवेश द्वार।
शिवपुरी रेलवे स्टेशन
लागत: लगभग 22 करोड़ रुपये
पर्यटन नगरी शिवपुरी को मिलेगा आधुनिक रेलवे स्टेशन।
अशोकनगर रेलवे स्टेशन
लागत : लगभग 22 करोड़ रुपये
स्थानीय कला एवं संस्कृति को स्टेशन के डिजाइन में शामिल किया गया।
गंगापुर सिटी जंक्शन
लागत : 25 करोड़ रुपये
लगभग 555 वर्गमीटर में स्टेशन भवन का विस्तार।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनंसपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव का कहना है कि इन स्टेशनों के लोकार्पण के साथ रेल जोन में यात्री सुविधाओं का नया अध्याय शुरू होगा। आधुनिक अधोसंरचना से यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा, वहीं संबंधित क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी उल्लेखनीय बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
