मोहम्मद आदिल नाम का एक युवक हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर सीधे अधिकारियों के सामने जा खड़ा हुआ। युवक का आरोप था कि इस ‘मिलावटी ईंधन’ को गाड़ी में ड…और पढ़ें

HighLights
- पेट्रोल में मिलावट का आरोप लगाते हुए बोतल में ईंधन दिखाकर शिकायत दर्ज कराई
- पेट्रोल डालने के बाद उसकी गाड़ी बंद हो गई और फिलहाल गैराज में खड़ी है
- एसडीएम विजय राय ने संबंधित पेट्रोल पंप की जांच के लिए निर्देश दिए
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम/ सिवनी मालवा । आम तौर पर लोग जनसुनवाई में कागजों पर लिखी शिकायतें लेकर अधिकारियों के पास पहुंचते हैं, लेकिन मंगलवार को सिवनी मालवा के एसडीएम कार्यालय में नजारा कुछ अलग ही था।
यहां दो पीपल बाबा कॉलोनी का रहने वाला मोहम्मद आदिल नाम का एक युवक हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर सीधे अधिकारियों के सामने जा खड़ा हुआ। युवक का आरोप था कि इस ‘मिलावटी ईंधन’ को गाड़ी में डालते ही उसकी मोटरसाइकिल बंद हो गई।
‘ऊपर पेट्रोल, नीचे कुछ और’… बोतल देख अधिकारी भी हैरान
पीड़ित युवक मोहम्मद आदिल ने जनसुनवाई में अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसने बानापुरा स्थित सोनी पेट्रोल पंप से अपनी गाड़ी के लिए पेट्रोल खरीदा था। लेकिन जब उसने ध्यान से देखा, तो बोतल के भीतर का नजारा चौंकाने वाला था। बोतल में पेट्रोल का हिस्सा ऊपर अलग तैर रहा था, जबकि नीचे कोई दूसरा संदिग्ध पदार्थ (संभावित रूप से पानी या केमिकल) साफ तौर पर जमा दिखाई दे रहा था।
गैराज में खड़ी है गाड़ी, नहीं मिली थी कहीं सुनवाई
युवक ने बताया कि इस संदिग्ध पेट्रोल को बाइक में डालते ही गाड़ी रास्ते में ही बंद हो गई, जो अब सुधरने के लिए गैराज में धूल खा रही है। पीड़ित के मुताबिक, वह इस गड़बड़ी की शिकायत लेकर पहले पुलिस थाने और फिर तहसील कार्यालय के चक्कर काट चुका था, लेकिन कहीं से भी उसे कोई संतोषजनक जवाब या मदद नहीं मिली। हार मानकर आखिरकार उसे बोतल हाथ में उठाकर सीधे जनसुनवाई का रुख करना पड़ा।
यह भी पढ़ें- पेट्रोल में 10 फीसद एथनॉल मिलाना होगा अनिवार्य
SDM ने दिए जांच के कड़े निर्देश
मामले की गंभीरता और बोतल में साफ दिख रही मिलावट की शिकायत को देखते हुए एसडीएम विजय राय ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को तत्काल उक्त सोनी पेट्रोल पंप पर जाकर ईंधन की शुद्धता की जांच करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि मंगलवार को एसडीएम विजय राय की मौजूदगी में आयोजित हुई इस जनसुनवाई में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे, जहां कुल 11 आवेदन प्राप्त हुए। लेकिन हाथ में पेट्रोल की बोतल लिए पहुंचे इस युवक की शिकायत पूरे दफ्तर में चर्चा का विषय बनी रही।
