कांग्रेस द्वारा अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने से कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।

HighLights
- 23 प्रत्याशियों ने लिए फार्म, 3 ने किया जमा
- प्रभारी सीईओ ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
- प्रशासनिक तैयारियां तेज, लगातार की जा रही है समीक्षा
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के साथ ही जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को कांग्रेस से दावेदारी कर रहे पूर्व विधायक घनश्याम सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके साथ ही अब तक कुल 23 अभ्यर्थी नामांकन फार्म खरीद चुके हैं। हालांकि, अभी तक केवल तीन नामांकन पत्र ही जमा हुए हैं। कांग्रेस द्वारा अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं होने से कार्यकर्ताओं और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर लगातार जारी है।
सभी की निगाहें कांग्रेस के अंतिम निर्णय पर टिकी
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब तक जमा हुए नामांकन पत्रों में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर यादव तथा उनके भाई केशव यादव के नाम शामिल हैं। इसके अलावा परिवर्तन समाज पार्टी से छतरपुर निवासी बालकिशन विश्वकर्मा ने भी अपना नामांकन दाखिल किया है।
शुक्रवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक घनश्याम सिंह के नामांकन पत्र खरीदने के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि पार्टी जल्द ही अपने अधिकृत उम्मीदवार की घोषणा कर सकती है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक किसी भी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवार के रूप में आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा कर चुनावी मुकाबले को गति दे दी है। ऐसे में अब सभी की निगाहें कांग्रेस के अंतिम निर्णय पर टिकी हुई हैं।
दो दिन रहेगा विराम
इस बीच नामांकन प्रक्रिया में दो दिन का विराम रहेगा। शनिवार और रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जाएंगे। इसके बाद सोमवार से एक बार फिर नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और अंतिम तिथि 13 जुलाई को न्यू कलेक्ट्रेट में पूरे दिन नेताओं का जमावड़ा लगा रहेगा। इधर, विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। दतिया विधानसभा उपनिर्वाचन के तहत मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरभि जैन ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
लगातार समीक्षा की जा रही है तैयारियों की
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत व्यवस्था, शौचालय, रैंप, मतदान कक्षों की स्थिति तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जैन ने कहा कि मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, स्वच्छता, सुरक्षा तथा दिव्यांग और वरिष्ठ मतदाताओं के लिए सुविधाओं की विशेष रूप से व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का उद्देश्य निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु मतदान संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी स्तरों पर तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
