साेनकच्छ तहसील के तालोद क्षेत्र के एक गांव का युवा किसान संदीप सिंह सेंधव ठगी का शिकार हुआ है। उसे बिजनेस में फायदे बताते हुए प्रति स्क्रीन शाट के 50 …और पढ़ें

HighLights
- देवास साइबर सेल में शिकायत के बाद सोनकच्छ पुलिस ने शुरू की जांच
- अलग-अलग प्रक्रिया बताकर पहले तीन हजार फिर दो हजार रुपये जमा करवाए
- पांच हजार के बदले 6900 रुपये दिए गए, इससे संदीप का पूरी प्रक्रिया पर भरोसा बढ़ गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। इंटरनेट मीडिया पर लोगों को कभी बिजनेस, कभी मार्केटिंग से फायदे, शेयर खरीदी आदि से तरह-तरह का लालच देकर साइबर ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। पुलिस के जागरूकता के तमाम प्रयासों के बाद भी रोजाना कई लोग इसके शिकार हो रहे हैं।
ऐसे ही एक मामले में साेनकच्छ तहसील के तालोद क्षेत्र के एक गांव का युवा किसान संदीप सिंह सेंधव ठगी का शिकार हुआ है। उसे बिजनेस में फायदे बताते हुए प्रति स्क्रीन शाट के 50 रुपये की दर से भुगतान करने का लालच देकर पहले कुछ रुपये दिए गए बाद मेंं 1.69 लाख रुपये ठग लिए गए।
रश्मि नाम की महिला ने फंसाया
संदीप के अनुसार रश्मि नाम की महिला ने संपर्क किया, घर बैठे बिजनेस से फायदे बताकर टेलीग्राम में ग्रुप ज्वाइन करवाया गया। कहा गया कि लिंक भेजेंगे, उसे खोलकर स्क्रीन शाट लेकर हमें भेजना है, प्रति स्क्रीन शाट 50 रुपये दिए जाएंगे। संदीप ने अलग-अलग लिंक खोली और स्क्रीन शाट भेजे। कई बार मेंं संदीप को 1100 रुपये का भुगतान भी किया गया। इसके बाद अलग-अलग प्रक्रिया बताकर पहले तीन हजार फिर दो हजार रुपये जमा करवाए। इसके बाद पांच हजार के बदले संदीप को 6900 रुपये दिए गए। इससे संदीप का पूरी प्रक्रिया पर भरोसा बढ़ गया।
69 हजार जमा करवाए फिर बोले गलत टॉस्क कर दिया
जब ठगों को लगा कि संदीप उनके झांसे में आ गया है तो उससे कई बार में टॉस्क बताकर लगभग 69 हजार रुपये जमा करवाए और बाद में कहा कि तुमने गलत टास्क कर दिया, इससे लॉस हो गया है। हमने जैसा कहा तुमने वैसा नहीं किया। यदि पूरा पैसा निकालना है तो एक लाख रुपये डालना होंगे।
संदीप ने जान पहचान वालों से उधार लेकर रुपये जमा कर दिए तो कहा गया कि क्रेडिट पॉइंट कम हैं, डेढ़ लाख रुपये और जमा करो, डरा-धमकाकर जबरन वसूली का प्रयास किया गया। इसके बाद संदीप ने साइबर सेल देवास में शिकायत की, जांच के बाद सोनकच्छ पुलिस ने बुधवार को अज्ञात आरोपित पर धोखाधड़ी, जबरन वसूली सहित अन्य धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
रेलवे में नौकरी का झांसा देकर 9.57 लाख रुपये की ठगी, देवास में दो पर मामला दर्ज
