ग्वालियर के डबरा में 21 वर्षीय युवती की पिता और चाचा ने कथित रूप से हत्या कर दी। पिता गिरफ्तार है, जबकि छोटी बेटी की हत्या की कोशिश भी हुई।

HighLights
- पिता और चाचा पर 21 वर्षीय बेटी की हत्या आरोप।
- डंडे से पीटा, सिर दीवार पर पटका, गला दबाया।
- हत्या के बाद छोटी बेटी को मारने की कोशिश।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। डबरा के पतरिया पुरा गांव में सोमवार को 21 वर्षीय युवती की उसके पिता भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष सिंह यादव द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने युवती को डंडे से पीटा, उसका सिर दीवार पर पटका और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आराेपित पिता ने अपनी 17 वर्षीय छोटी बेटी की भी हत्या करने की कोशिश की लेकिन उसने फंदे में अपनी उंगलियां फंसा कर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। आरोपी पिता को तो गिरफ्तार कर लिया है वहीं चाचा अभी फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मृतका की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नंदनी कर्नाटक के बीजापुर स्थित एक माल में नौकरी करती थी। वह रक्षाबंधन पर घर आई थी। उसके साथ उसका एक इंस्टाग्राम पर दोस्त बना मुंहबोला भाई भी साथ आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता उसके बाहर नौकरी करने और बॉयकट बाल रखने से नाराज था।
मामले को समझें
- नंदनी के माता पिता के बीच कई वर्षों से अनबन थी, पिता पैतृक घर में अपने छोटे भाई व उसके परिवार के साथ रहता था वहीं नंदनी की मां, छोटी बहन और भाई कुनाल डेढ़ किमी दूर दूसरे घर में रहते थे। नंदनी रक्षाबंधन पर कर्नाटक से अपने घर आई हुई थी, उसके साथ बरसाने का रहने वाला एक युवक मनमोहन पांडे भी आया था। यहां से वह दोनों छोटी बहन के साथ बरसाने घूमने जा रहे थे।
- उसके आने और उनके घर पर रुकने से नंदनी के पिता को आपत्ति थी, वहीं नंदनी का मार्डन लुक में रहना भी उसके पिता को पसंद नहीं था। मृतका के माता-पिता के बीच चल रहे लंबे विवाद का गुस्सा उस समय फूट कर निकला, जब वह वापस जाने के लिए अपने कपड़े लेने अपने पैतृक घर पहुंची थी।
बड़ी बेटी को मारा फिर गया छोटी की हत्या करने
- बड़ी बेटी की हत्या करने के बाद आरोपी पिता अपने भाई के साथ छोटी बेटी को मारने के लिए गया। आरोपी बेटियों के रहन सहन को नापसंद करता था। कहता था कि उन्होंने मिलकर बदनामी करवाई है। छोटी बेटी पहले भी दो बार घर से बिना बताए कहीं जा चुकी है, जिसे पुलिस ने दस्तयाब कर के दिया है।
- दूसरे घर में पहले पहुंचने पर उसे पहले मृतका की मां मिली, जिसके साथ हाथापाई कर उसे कमरे में बंद कर दिया। छोटी बेटी दिखाई दी आरोपी पिता ने छोटी बेटी के गले में साफी का फंदा डालकर खींच दिया। इस दौरान छोटी बेटी ने फंदे में अपनी उंगलियां फंसा कर खुद को बचा लिया। मौके पर उसका बड़ा भाई आ गया, तो आरोपी पिता मौके से भाग गया। सूचना पर पिछोर थाना पुलिस गांव पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चाचा की तलाश जारी
‘पुराने विवादों और पिता का अपनी बेटियों के प्रति गुस्सा इस हत्या का कारण था। वर्तमान में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। चाचा की तलाश जारी है। पूछताछ के बाद आरोपी पिता को जेल भेज दिया है।
शिवम सिंह राजावत, थाना प्रभारी, पिछोर
यह भी पढ़ें- रायसेन जिला जेल में सनसनीखेज वारदात, हत्या के आरोपी कैदी ने प्रहरी को मारी गोली, गंभीर हालत में भोपाल रेफर
