नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ई-कामर्स कंपनी से कमीज आर्डर करने वाले एक वृद्ध साइबर ठगी का शिकार हो गए। डिलीवरी नहीं मिलने पर उन्होंने इंटरनेट से कस्टमर केयर नंबर खोजा, लेकिन वह साइबर ठगों का निकला।
25 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर
ठग ने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर रिफंड का झांसा दिया। लिंक भेजकर उनका मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 25 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
कमीज आर्डर कर ऑनलाइन भुगतान किया था
मामले में राम मनोहर लोहिया वार्ड निवासी अनिल चौरसिया (62) ने शुक्रवार को ओमती थाना में शिकायत पंजीबद्ध कराई है। उन्होंने तीन जुलाई को एक ई-कामर्स वेबसाइट से कमीज आर्डर कर ऑनलाइन भुगतान किया था।
फर्जी अधिकारी ने वीडियो कॉल कर लिंक भेजा
डिलीवरी नहीं होने पर उन्होंने इंटरनेट पर कस्टमर केयर नंबर खोजा। फर्जी अधिकारी ने पहले इंटरनेट मीडिया काल की और फिर एक लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया।
आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर का ही उपयोग करें
करीब एक घंटे बाद फोन चालू हुआ तो पता चला कि उनके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। पुलिस साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए लोगों से कंपनियों के केवल आधिकारिक कस्टमर केयर नंबर का ही उपयोग करने को कहा है।
