नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैलाने वाले दो आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (रासुका/एनएसए) के तहत वारंट जारी होने के बाद रांझी पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
पुलिस ने मामले को लेकर क्या कहा
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि सुमन नगर रिछाई निवासी शुभम मिश्रा वर्ष 2016 से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय है। उसके खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट और जुआ एक्ट सहित 45 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वहीं मनमोहन नगर (रक्षा नगर कॉलोनी) निवासी अमन केवट वर्ष 2018 से अपराधों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, मारपीट, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट सहित 16 मामले दर्ज हैं।
खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी कतराते थे
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों का क्षेत्र में इतना खौफ था कि लोग उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी कतराते थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से पुलिस ने दोनों के विरुद्ध रासुका के तहत प्रतिवेदन तैयार कर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के माध्यम से जिला दंडाधिकारी राघवेंद्र सिंह को भेजा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला दंडाधिकारी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत वारंट जारी कर दिए। वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों का क्षेत्र में जुलूस निकाला
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों का क्षेत्र में जुलूस निकाला और इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
