Jabalpur Weather Update: जबलपुर में मानसून दोबारा सक्रिय होने के बाद बारिश का सिलसिला फिर शुरू हो गया है।

HighLights
- गहरे अवदाब से बारिश की संभावना
- शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति
- अगले दो दिन मध्यम बारिश के आसार
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मानसून के दोबारा सक्रिय होने के साथ ही जबलपुर में बारिश का सिलसिला फिर (MP Weather Update) शुरू हो गया है। बुधवार को सुबह से दिनभर रुक-रुककर कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश होती रही। हालांकि मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार सुबह से रात नौ बजे तक केवल चार मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके बावजूद मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि सक्रिय मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में जिले और संभाग में अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
गहरे अवदाब का दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ एवं उससे लगे उत्तर आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। यह प्रणाली मध्य छत्तीसगढ़ के निकट केंद्रित रही और बिलासपुर से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व तथा चांपा क्षेत्र से गुजरते हुए अगले 24 घंटों में पश्चिम की ओर बढ़ेगी। इसके छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे विदर्भ क्षेत्र से गुजरने की संभावना है। इसी के प्रभाव से जबलपुर सहित संभाग के जिलों में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
अब तक 310 मिमी बारिश दर्ज
मानसून सीजन में जिले में अब तक कुल 310 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं पिछले वर्ष इसी अवधि तक 711.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई थी। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हल्की बारिश में भी कई इलाकों में जलभराव
बुधवार को हुई बारिश के दौरान शहर की मुख्य सड़कों और कई मोहल्लों व कॉलोनियों में आंशिक जलभराव देखने को मिला। नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी समय पर नहीं निकल सका। वहीं जीसीएफ हॉस्पिटल के सामने रांझी रोड पर एक पेड़ अचानक गिर गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 30 जुलाई को जबलपुर में अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 31 जुलाई को अधिकतम तापमान 32.0 और न्यूनतम 24.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। कटनी में दोनों दिन अधिकतम 32.0 और न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं मंडला में 30 जुलाई को अधिकतम 33.0 व न्यूनतम 24.0 तथा 31 जुलाई को अधिकतम 30.0 और न्यूनतम 23.0 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।
