नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद के दौरान गर्भवती महिला से मारपीट और पेट में लात मार दी गई। घटना के बाद महिला के चार माह के गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
मामले में मझौली पुलिस ने मारपीट का प्रकरण दर्ज किया है, लेकिन स्वजन का कहना है कि आरोपितों पर अब तक सख्त कार्यवाही नहीं की गई।
इसी शिकायत को लेकर सोमवार को पीड़ित परिवार के सदस्य पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई। मझौली निवासी अतुल साहू का अपने मामा पक्ष से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
आरोप है कि 13 जून को अतुल की गर्भवती पत्नी ज्योति साहू के साथ उसकी मामी लक्ष्मी और उनके बेटे दुर्गेश ने मारपीट की।
स्वजन का आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी होने के बावजूद दुर्गेश ने ज्योति के पेट में लात मारी, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
ज्योति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने चार माह के गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया। महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद वह स्वजन के साथ एसपी कार्यालय पहुंची।
पुलिस अधिकारियाें के अनुसार मामले की जांच जारी है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
