नईदुनिया प्रतिनिधि,जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक प्रापर्टी कारोबारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कार सवार दो युवकों ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर विवाद के दौरान कारोबारी के सीने में चाकू घोंप दिया।
निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया कारोबारी
गंभीर रूप से घायल कारोबारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रापर्टी खरीद-बिक्री का काम करते हैं
पुलिस के अनुसार पाटन के ग्राम भुआरा निवासी 42 वर्षीय सुरेंद्र पटेल प्रापर्टी खरीद-बिक्री का काम करते हैं और वर्तमान में माढ़ोताल के शांताकुंज क्षेत्र में रह रहे हैं।
पीछे से बाइक को टक्कर मार दी
शनिवार रात वे अपने मित्र पंकज श्रीवास्तव के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक पंकज चला रहा था। इसी दौरान कार क्रमांक एमपी 20 जेडएल 9151 में सवार विशाल सोनी और मोहित वहां पहुंचे और पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े।
चाकू निकालकर उनके सीने पर हमला कर दिया
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र अपने साथी पंकज को संभाल रहे थे, तभी दोनों आरोपित कार से नीचे उतरे और विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर मोहित ने सुरेंद्र को पकड़ लिया, जबकि विशाल ने चाकू निकालकर उनके सीने पर हमला कर दिया।
घायल सुरेंद्र को पंकज ने ही तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया
चाकू लगते ही सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल सुरेंद्र को उनके साथी पंकज ने तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूदखोरों की प्रताड़ना से परेशान रियल स्टेट कारोबारी ने जहर खाया
सूदखोरों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर एक रियल स्टेट कारोबारी ने रविवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
कुछ लोगों से उधार रकम ली थी
विजय नगर निवासी प्रांजल मोर ने बताया कि उनके पिता शरद मोर (52) रियल स्टेट कारोबार से जुड़े हैं। व्यापार के सिलसिले में उन्होंने कुछ लोगों से उधार रकम ली थी।
मूलधन और ब्याज से अधिक राशि चुका चुके थे
आरोप है कि यह रकम 10 से 20 प्रतिशत ब्याज दर पर दी गई थी। स्वजन का कहना है कि शरद मोर मूलधन और ब्याज से अधिक राशि चुका चुके थे, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोग उन पर और रकम देने का दबाव बना रहे थे।
फोन पर लगातार धमकियां मिल रही थीं
पिछले कुछ दिनों से उन्हें फोन पर लगातार धमकियां मिल रही थीं, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान थे। स्वजन के अनुसार सूदखोरों ने उनकी साइट की कुछ जमीन का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी करा लिया था। इसी तनाव के चलते उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना के बाद स्वजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
