हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। ट्रक आगे जाकर दीवार से टकराया, जिसके बाद वह रुक गया।

HighLights
- पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा
- शेख इसराइल हनुमानताल क्षेत्र का निवासी था
- ट्रक खड़ा करके कुछ देर के लिए सामने बैठा था
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। फ्लाईओवर ब्रिज के पास मंगलवार सुबह एफसीआई के चावल से लदे ट्रक की चपेट में आने से चालक एवं ट्रक मालिक शेख इसराइल की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह ट्रक खड़ा करने के बाद उसके सामने बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान ट्रक अचानक चल पड़ा। शेख इसराइल कुछ समझ पाता, इससे पहले ही वह ट्रक के पहियों की चपेट में आ गया।
दीवार से टकराया ट्रक, तब जाकर रुका
ट्रक आगे जाकर एक दीवार से टकराया, तब जाकर रुका। हादसा सुबह करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। शेख इसराइल हनुमानताल क्षेत्र का निवासी था। वह ट्रक में करीब 22 टन चावल लेकर कहीं बाहर जाने की तैयारी में था। ट्रक खड़ा करने के बाद वह कुछ देर के लिए उसके सामने बैठ गया था। इसी दौरान वाहन अचानक आगे बढ़ गया और वह उसके नीचे आ गया।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने मदनमहल थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक के नीचे फंसे शेख इसराइल के शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
एएसपी आयुष जाखड़ के अनुसार प्रारंभिक जांच में ट्रक के ब्रेक फेल होने की आशंका सामने आई है। इसी वजह से ट्रक अचानक अपने आप चल पड़ा होने की संभावना है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। ट्रक आगे जाकर दीवार से टकराया, जिसके बाद वह रुक गया।
