नर्मदा नदी के गौरीघाट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। …और पढ़ें

HighLights
- गौरीघाट में स्नान के दौरान युवक-युवती का वीडियो वायरल
- लोगों की शिकायत पर होमगार्ड जवानों ने पानी से बाहर निकाला
- पुलिस वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नर्मदा नदी के गौरीघाट का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में एक युवक और युवती स्नान के दौरान सार्वजनिक स्थल पर अनुचित आचरण करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो दूर से बनाया गया है, इसलिए दोनों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार युवक और युवती अपने कुछ दोस्तों के साथ गौरीघाट घूमने आए थे। स्नान के दौरान दोनों तट से काफी दूर नदी के भीतर चले गए। उनकी गतिविधियों को देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने आपत्ति जताई और इसकी सूचना सुरक्षा कर्मियों को दी।
सूचना मिलते ही घाट पर तैनात होमगार्ड जवान मौके पर पहुंचे और दोनों को नदी से बाहर बुलाया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे घूमने आए थे और स्नान करते समय नदी के बीच तक चले गए थे।
नियमों का पालन करने की समझाइश
अधिकारियों ने युवक और युवती को सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादित व्यवहार बनाए रखने तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही उनके स्वजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं करने की चेतावनी देकर दोनों को छोड़ दिया गया।
युवती गहरे पानी में जाने को लेकर सहज नहीं थी
प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया कि युवती गहरे पानी में जाने को लेकर सहज नहीं थी, जिससे किसी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई थी। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
