नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। खितौला स्थित ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में गत वर्ष हुई डकैती के मामले में पुलिस ने एक और शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। सोमवार को आरोपित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।
7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त
बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मयरा निवासी छोटू उर्फ सरमन मेहतो (23) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से डकैती का 350 ग्राम सोना बरामद किया गया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त 7.65 एमएम बोर की देशी पिस्टल भी जब्त की गई है।
गत वर्ष दिनहाड़े की थी वारदात
गत वर्ष 11 अगस्त को पांच हथियारबंद बदमाशों ने ईसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में दिनदहाड़े धावा बोला था। बैंक कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया था।
14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवर व पांच लाख ले गए थे
बदमाश बैंक से करीब 14 किलो 800 ग्राम सोने के जेवर और लगभग पांच लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस अभी तक कुल 13 आरोपितों (छोटू मेहतो सहित) को पकड़ चुकी है।
मुख्य आरोपित से पूछताछ में मिला था छोटू का सुराग
छोटू का सुराग पुलिस को 15 जुलाई को दबोचे गए वारदात के मुख्य आरोपित बिहार के गया जिले के निवासी सुनील पासवान से पूछताछ में मिला था।
सरमन मेहतो की मदद से धीरे-धीरे बेचे सोने के जेवर
पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपित सुनील पासवान को डकैती के बाद उसके हिस्से में आए सोने के जेवर छोटू उर्फ सरमन मेहतो की मदद से धीरे-धीरे बेचे गए।
शेरघाटी से दबोचा गया आरोपित
पूछताछ में मुख्य आरोपित ने खुलासा किया उसने डकैती का बचा हुआ सोना भी छोटू मेहतो के पास सुरक्षित रखवाया था। इसके बाद जबलपुर पुलिस की टीम ने बिहार एसटीएफ की सहायता से बिहोर के शेरघाटी (जिला गया) से छोटू मेहतो को गिरफ्तार किया।
सख्ती करने पर वह टूट गया, पुलिस को गुमराह किया
पूछताछ में आरोपित छोटू मेहतों ने पहले पुलिस को गुमराह किया। सख्ती करने पर वह टूट गया और उसे आरोपित न बनाए जाने बात कहते हुए मुख्य आरोपित पासवान के संपर्क होना स्वीकार किया।
खेत में गड़ा दिया था लूटा सोना
उसने बताया कि लूटे गए धन का बचा हुआ सोना मुख्य आरोपित पासवान ने गया जिले में स्थित अपने ग्राम बनाही में शिव मंदिर के पास स्वयं के खेत में छिपा कर रखना बताया। आरोपितों निशादेही पर आरोपित छोटू उर्फ सरमन मेहतो के कब्जे से 350 ग्राम सोने के जेवर जब्त किए गए।
शातिर गैंग, अन्य लूट एवं डकैती में संलिप्ता पर भी पूछताछ
पुलिस को मुख्य आरोपित सुनील पासवान से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है। यह बात सामने आई है कि बिहार के शेरघाटी क्षेत्र के आसपास कुछ बदमाशों की गैंग लंबे समय से बैंक लूट एवं डकैती की वारदातें करती रही है।
आरोपित कुछ समय के लिए अंडरग्राउंड हो जाते थे
इनके निशाने पर ज्यादातर बैंक एवं एटीएम होते थे। वारदात के बाद लूट गया रुपयो और सोने-चांदी अपने कुछ साथियों के सहयोग से छिपाकर आरोपित कुछ समय के लिए अंडरग्राउंड हो जाते थे।
छिपाए हुए लूट की सामग्री को बाजार में खपा देते थे
फिर बाद में आकर छिपाए हुए लूट की सामग्री को बाजार में खपा देते थे। इसके लिए उन्होंने अपनी गैंग के सदस्यों से अलग लोगों से भी संपर्क बना रखा था। पुलिस अन्य प्रदेशों में बड़ी लूट एवं डकैती की वारदातों में भी आरोपितों की भूमिका को लेकर छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में जमीन की रजिस्ट्री का झांसा दिया, ओएफके के रिटायर्ड कर्मी से 8 लाख की ठगी
