जबलपुर की लॉ यूनिवर्सिटी में दूषित भोजन की शिकायत पर फूड विभाग ने छापेमारी की। किचन में गंदगी और खाने में कॉकरोच मिलने पर प्रशासन ने मेस संचालक पर जुर …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। धर्मशास्त्र नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के छात्रावास में दूषित भोजन परोसे जाने की शिकायत मिली। छात्रों की इस शिकायत पर शुक्रवार को फूड सेफ्टी विभाग के अफसर जांच करने पहुंचे। मौके पर किचन में वाकई गंदगी मिली।
खाद्य पदार्थ की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं था। ऐसे में विभाग ने भी अपनी तरफ से प्रकरण बनाया है, वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंटीन संचालक पर जुर्माना लगाया है।
किचन में मिली बिल्ली और कॉकरोच
बता दें कि यूनिवर्सिटी में करीब 600 विद्यार्थी छात्रावास में रहते हैं, जिनके लिए भोजन की व्यवस्था मेस में रखी गई है। यहां कई बार विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त भोजन नहीं मिलता है, जिसकी वे शिकायत भी प्रशासन से करते आए हैं। इधर छात्रों ने किचन में बिल्ली को भोजन खाते हुए फोटो तक बनाए।
इसके अलावा रायते में कॉकरोच पड़ा मिला, वहीं ब्रेड जले हुए परोसे गए। ऐसे भोजन को लेकर विद्यार्थियों ने सभी जगह शिकायत भेजी थी, जिसके आधार पर फूड विभाग ने जांच की।
फूड विभाग की जांच में खुली पोल
वार्डन शशांक पाठक ने कहा कि हम छात्रावासी छात्रों के भोजन को लेकर गंभीरता से जांच करते हैं। छात्र जब भी शिकायत करते हैं तो उस पर ध्यान देते हुए जांच की जाती है। विभाग की फूड अधिकारी माधुरी मिश्रा ने बताया कि छात्रावासी छात्रों के लिए जहां भोजन बनाया जा रहा था, उसकी जांच की तो गंदगी मिली। वाशिंग एरिया बहुत गंदा मिला और खाद्य सामग्री जहां स्टोर की जाती है वहां भी गंदगी थी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने फूड विभाग के अधिकारियों को बताया कि मेस संचालक की तरफ से जब भी गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ जुर्माना लगाया जाता है, इस बार भी ऐसा ही किया गया है।
