नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोरखपुर थाना क्षेत्र के पाश इलाके राजुल ड्यूप्लेक्स में सोमवार दोपहर ब्यूटीशियन शक्ति कोहली (41) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद आरोपी फूटाताल निवासी दीपेश राठौर ने उसी बंदूक से खुद को भी गोली मार ली थी। पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए
दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी थी।
इंटीरियर के काम दौरान उनकी दीपेश से पहचान हुई थी
शक्ति कोहली गत कई वर्षों से ब्यूटीशियन के रूप में कार्य कर रही थी। वह कुछ समय से पति से अलग रह रही थी। कुछ समय पूर्व उन्होंने ब्यूटी पार्लर खोलने के लिए राजुल ड्यूप्लेक्स में किराए पर मकान लिया गया था। इस मकान में पार्लर के इंटीरियर के काम दौरान उनकी दीपेश से पहचान हुई थी।
शक्ति को ब्यूटी पार्लर खोलने में मदद की बात कही
बातचीत बढ़ने पर दीपेश ने शक्ति को ब्यूटी पार्लर खोलने में मदद की बात कही और वह शक्ति के साथ पार्लर में साझेदार बन गया। हालांकि विरोध के कारण आवासीय परिसर में पार्लर खोलने का फैसला बदल दिया गया और शक्ति ने विजय नगर स्थित मुस्कान प्लाजा में नया पार्लर शुरू करने की तैयारी कर ली। इसके बाद से दोनों के बीच तनातनी थी।
सामान लेने पहुंची महिला, पीछे से दीपेश भी आ गया
सोमवार को शक्ति राजुल ड्यूप्लेक्स स्थित मकान से सामान समेटकर उसे खाली करने पहुंची थी। इसी दौरान दोपहर लगभग एक बजे दीपेश भी वहां आ गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर बाद मकान के अंदर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
दीपेश के हाथ में बंदूक देखकर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी
शक्ति के साथ वहां सामान लेने के लिए सहयोग करने पहुंची एक युवती ने दीपेश के हाथ में बंदूक देखकर कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। वह घबराकर बाहर निकली और घटना की स्वजन को सूचना दी। जब स्वजन एवं पुलिस मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा गया, तब अंदर शक्ति और दीपेश के शव पड़े मिले।
रविवार को रात में पुलिस को बताया था
मृतका की बहन के पति शरद ने बताया कि हाल ही में परिवार को दीपेश के आपराधिक पृष्ठभूमि की जानकारी मिली थी। इसके बाद शक्ति को उससे दूरी बनाने की सलाह दी गई थी। शक्ति ने साझेदारी समाप्त करने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
दीपेश लगातार उसे जान से मारने की धमकियां दे रहा था
रविवार को वह जबरन शक्ति के घर पहुंच गया था। इसके बाद शक्ति ने किसी तरह वहां से निकलकर विजय नगर थाने में उसके धमकाने की शिकायत की थी। उसने दीपेश के पास हथियार होने और उससे जान का खतरा होने की आशंका भी जताई थी। आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद घटना हो गई।
एफएसएल टीम पहुंची, साक्ष्य संकलिए किए
सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर जांच की और साक्ष्य संकलित किए। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दौरान मृतका के स्वजन ने मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रोष जताया।
