राजधानी के प्रतिष्ठित कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित होने के महज 24 घंटे के भीतर बहाल कर दिया गया। …और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के प्रतिष्ठित कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित होने के महज 24 घंटे के भीतर बहाल कर दिया गया। होटल परिसर में कथित रूप से जीवित चूहा देखे जाने की शिकायत और निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां मिलने पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) ने होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। हालांकि होटल प्रबंधन द्वारा त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई कर विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद निलंबन वापस ले लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, छह जून को मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एमपीएफडीए) को होटल परिसर में चूहा दिखाई देने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलते ही राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने होटल का निरीक्षण किया। इसके बाद सात जून को एफएसएसएआइ के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय, मुंबई की टीम ने भी होटल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
सड़ी सब्जियां और कॉकरोच मिलने पर हुई थी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलीं। जांच में कच्चा माल प्राप्त करने वाले क्षेत्र में ढीला और ठीक से बंद नहीं होने वाला दरवाजा पाया गया। वहीं कोल्ड स्टोरेज में खराब एवं सड़ी हुई सब्जियां रखी मिलीं। ड्राई स्टोरेज क्षेत्र में दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था, जबकि रसोई के कुछ हिस्सों में काकरोच की मौजूदगी भी सामने आई।
हालांकि निरीक्षण के समय किसी प्रकार की चूहों की गतिविधि नहीं देखी गई, लेकिन कीट नियंत्रण से जुड़े रिकार्ड और दस्तावेजों की जांच में चूहों और छिपकलियों की मौजूदगी संबंधी बार-बार की गई टिप्पणियां दर्ज मिलीं। इन कमियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर मानते हुए एफएसएसएआइ ने होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। साथ ही होटल प्रबंधन को सभी खामियां दूर कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
होटल प्रबंधन ने कार्रवाई के बाद किया सुधार: सौंपी 157 पेजों की अनुपालन रिपोर्ट
होटल प्रबंधन ने कार्रवाई के बाद सुधारात्मक और निवारक उपाय किए हैं। होटल ने 157 पेजों की विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट एफएसएसएआइ को सौंपते हुए बताया कि कच्चे माल की प्राप्ति वाले क्षेत्र में नए उपयुक्त दरवाजे लगाए गए हैं, दरवाजों की क्लोजिंग व्यवस्था मजबूत की गई है और कीटों और कृंतकों के प्रवेश को रोकने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा रसोई, भंडारण कक्ष और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सफाई एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया है।
कड़ी चेतावनी के साथ लाइसेंस किया है बहाल
एफएसएसएआइ ने प्रस्तुत दस्तावेजों और साक्ष्यों की समीक्षा के बाद सुधारात्मक कदमों को संतोषजनक पाया। इसके बाद होटल का खाद्य लाइसेंस बहाल कर दिया गया। हालांकि प्रबंधन को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और लागू किए गए सुधारात्मक उपायों को निरंतर बनाए रखने की चेतावनी भी दी गई है।
यह भी पढ़ें- एमपी राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त, भाजपा ने जताई थी आपत्ति
होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में गड़बड़ियों की सूचना मिलने पर एफएसएसएआइ की टीमों ने निरीक्षण करने के बाद लाइसेंस निलंबित कर दिया था। इसके बाद होटल प्रबंधन ने व्यवस्थाओं में सुधार कर 157 पेजों की रिपोर्ट सौंपी है, जिसके बाद खाद्य लाइसेंस बहाल किया गया है। – वेदांत लक्ष्मण पाबेल, डेजिग्नेटेड अधिकारी, FSSAI इंदौर शाखा
