नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व शुक्रवार को शहर में स्वच्छता और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘स्वच्छ ग्वालियर अभियान टोली’ के तत्वावधान में सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक कटोरा ताल से वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल तक मानव शृंखला बनाई गई। ‘स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के साथ’ ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस अभियान में करीब चार हजार नागरिकों ने सहभागिता की।
स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संकल्प दोहराया
मानव शृंखला का शुभारंभ कटोरा ताल फ्लैग पॉइंट से हुआ। इसके बाद यह अचलेश्वर चौराहा, अचलेश्वर मंदिर, इंदरगंज चौराहा, जयेंद्रगंज, नदीगेट, मोती तबेला, बैजाताल और फूलबाग चौपाटी होते हुए वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल तक पहुंची। विद्यार्थियों समेत विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संकल्प दोहराया।

विभिन्न संस्थाओं ने की सहभागिता
अभियान में चिकित्सा संवर्ग, चिकित्सा महाविद्यालय, एमएलबी महाविद्यालय, सिंधिया कन्या विद्यालय, महिला पालिटेक्निक, जीवाजी राव हायर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर, एएमआई शिशु मंदिर, शासकीय कन्या विद्यालय शिंदे की छावनी, रेडियेंट स्कूल, आदित्य वर्ल्ड स्कूल, आदित्य कालेज, शासकीय कन्या विद्यालय मुरार, वेलफेयर पब्लिक स्कूल, मिसहिल स्कूल, विभिन्न कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों सहित एनएसएस और एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया।

इसके अलावा मध्य प्रदेश चैंबर आफ कामर्स, दाल बाजार व्यापारी प्रकोष्ठ, कैट, संजय काम्प्लेक्स, राजीव प्लाजा, जयेंद्रगंज व्यापारी संघ, अचलेश्वर न्यास, सनातन धर्म मंदिर, जीवाजी क्लब, फूलबाग गुरुद्वारा समिति, स्मार्ट सिटी, रोटरी क्लब, लायंस क्लब और रेडक्रास सोसाइटी सहित सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
स्वच्छ और सुंदर ग्वालियर का लिया संकल्प
अभियान के समापन पर नागरिकों ने ग्वालियर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम्’ के नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हो गया।

एक हजार पौधे बांटे
मानव शृंखला में शामिल लोगों को करीब एक हजार पौधे निश्शुल्क वितरित किए गए। आयोजकों ने नागरिकों से पौधों को वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल और संरक्षण करने की अपील की।
तख्तियों से दिया स्वच्छता का संदेश
मानव शृंखला में शामिल नागरिकों ने ‘साथी रे, हाथ से हाथ मिलाना, गंदगी को दूर भगाना’, ‘हम सबने ठाना है, ग्वालियर को स्वच्छ बनाना है’, ‘स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ’ और ‘कूड़ा हमेशा कूड़ेदान में डालें’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। प्लास्टिक के उपयोग से बचने, कपड़े का थैला अपनाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश भी दिया गया।
