नईदुनिया प्रतिनिधि, बानमोर। सेवा गांव में संचालित गैंगशा मशीन के पट्टे में दबने से ऑपरेटर अनीश कुशवाह की तीन अंगुलियां कट गईं। ऑपरेटर की शिकायत पर बानमोर पुलिस ने गैंगशा मालिक सियाराम शर्मा के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
आरोप है कि गैंगशा मालिक ने घायल ऑपरेटर के उपचार के लिए अभी तक एक रुपये की मदद नहीं दी है। जानकारी के मुताबिक, सेवा गांव में संचालित दुबे स्टोन पत्थर फैक्टरी में जखोदा गांव का युवक अनीश कुशवाह गैंगशा मशीन के ऑपरेटर के रूप में नौकरी कर रहा था।
मालिक के कहने पर ऑपरेटर मशीन के ऊपर चढ़ गया
29 मई को सुबह 11 बजे गैंगशा मशीन काम करने के दौरान अचानक बंद हो गई तो गैंगशा मालिक सियाराम शर्मा मौके पर पहुंचा और ऑपरेटर से बोला कि गैंगशा के ऊपर चढ़कर मशीन को चालू कर दे। मालिक के कहने पर ऑपरेटर मशीन के ऊपर चढ़ गया और उसका दायां हाथ मशीन के पट्टे पर रखा था तभी मालिक ने मशीन की मोटर को चला दिया।
यह भी पढ़ें- मां को फोन कर रोती रही बेटी, कुछ देर बाद आई मौत की खबर, मुरैना में गर्भवती नव विवाहिता की संदिग्ध मौत
दाएं हाथ की तीन अंगुलियां पट्टे में दब गईं
मोटर चलते ही पट्टा चल पड़ा जिससे ऑपरेटर अनीश कुशवाह के दाएं हाथ की तीन अंगुलियां पट्टे में दब गईं। ऑपरेटर को उसके परिवार के लोगों ने उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद अनीश कुशवाह पुत्र रामकुमार कुशवाह रिपोर्ट के लिए बानमोर थाने पहुंचा तब पुलिस ने गैंगशा मालिक सियाराम शर्मा के खिलाफ मुकदमा कायम किया।