नईदुनिया न्यूज नेटर्वक, प्रयागराज/जबलपुर। मुंबई से गोरखपुर जा रही एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस(ट्रेन संख्या 15017) के एसी कोच में चलती ट्रेन के भीतर लाखों की चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू
पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) प्रयागराज ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर जीआरपी करेगी आगे की जांच
मामले में जीआरपी का कहना है कि घटनास्थल जबलपुर है, इसलिए केस जबलपुर जीआरपी को ट्रांसफर किया जाएगा। आगे की जांच वहीं होगी।
मुंबई से ट्रेन गोरखपुर जा रही थी
मुंबई की रहने वाली अनीता पाठक अपने परिवार के साथ ट्रेन के कोच संख्या ए टू की सीट नंबर तीन पर यात्रा कर रही थीं। वह गोरखपुर जा रही थीं। ट्रेन को सुबह 07:50 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचना था।
सीट के पास रखा उनका पर्स गायब था
सुबह करीब पांच बजे जब महिला की अचानक नींद खुली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सीट के पास रखा उनका पर्स गायब था। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिससे कोच में खलबली मच गई और सहयात्री भी मदद के लिए इकट्ठा हो गए।
बाथरूम में महिला का पर्स टंगा हुआ मिला
काफी खोजबीन के बाद ट्रेन के बाथरूम में महिला का पर्स टंगा हुआ मिला। जब पर्स को खोला गया, तो चोर की चालाकी देखकर सब हैरान रह गए।
मोबाइल फोन को ‘फ्लाइट मोड’ पर डाल दिया था
चोर ने पकड़े जाने के डर से महिला के मोबाइल फोन को ‘फ्लाइट मोड’ पर डाल दिया था ताकि कोई काल न कर सके, लेकिन पर्स के भीतर रखे करीब 15 तोले के सोने के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद पूरी तरह गायब थे।
