सतना के रामपुर बघेलान ब्लॉक स्थित शासकीय विद्यालय त्योंधरा क्रमांक-1 में छात्रों से गिट्टी ढुलवाने का मामला सामने आया है।

HighLights
- वीडियो करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा
- DEO सलोनी शर्मा ने जांच के निर्देश दिए
- बीईओ मामले की पूरी जांच कर रिपोर्ट देंगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना/रामपुर बघेलान। जिले के रामपुर बघेलान ब्लॉक स्थित शासकीय विद्यालय त्योंधरा क्रमांक-1 में छात्रों से गिट्टी ढुलवाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में स्कूली बच्चे सड़क पर पड़ी गिट्टी को फावड़े और तगाड़ी की मदद से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो करीब दो दिन पुराना है।
फावड़ा-तगाड़ी लेकर गिट्टी हटाते दिखे छात्र
वीडियो में कुछ छात्र सड़क पर मौजूद गिट्टी को फावड़े से तगाड़ी में भरते नजर आ रहे हैं। इसके बाद बच्चे तगाड़ी में भरी गिट्टी को दूसरी जगह ले जाते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा।
DEO ने बीईओ को सौंपी जांच
मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि छात्रों से गिट्टी उठवाने का निर्देश किसके स्तर से दिया गया था। साथ ही घटना के समय विद्यालय में कौन-कौन से शिक्षक मौजूद थे, इसकी भी जानकारी जुटाई जाएगी।
छात्रों की सुरक्षा और पढ़ाई भी जांच के दायरे में
शिक्षा विभाग यह भी जांच करेगा कि बच्चों को निर्माण सामग्री हटाने के काम में क्यों लगाया गया और इसके पीछे क्या वजह थी। जांच में छात्रों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई प्रभावित होने से जुड़े पहलुओं को भी शामिल किया जाएगा। अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
इस पूरे मामले कि BEO को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
जांच अधिकारी स्कूल पहुंचकर वारयल वीडियो से जुड़े तथ्यों, मौके की स्थिति और संबंधित शिक्षकों से जानकारी ले सकते हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में जिम्मेदारी तय होगी।
-सलोनी शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी
