सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा सोमवार को एक महिला को भुगतना पड़ा। गृहकार्य के लिए देसाई नगर एक घर में जा रही …और पढ़ें

HighLights
- नाले के सरियों पर गिरी महिला, शरीर के आर-पार हुआ लोहा
- महापौर टटवाल ने घायल महिला को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया
- 2 घंटे चले जटिल ऑपरेशन के बाद निकाला गया सरिया, हालत स्थिर
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही का खामियाजा सोमवार को एक महिला को भुगतना पड़ा। गृहकार्य के लिए देसाई नगर एक घर में जा रही महिला गिर गई, जिससे सरिया उसके शरीर के आरपार हो गया। दर्द से तड़प रही महिला का शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने सरिया काटकर उसे नाले से बाहर निकाला। इस दौरान वहां से निकल रहे महापौर मुकेश टटवाल अस्पताल लेकर पहुंचे। हादसे का सीसीटीवी कैमरे का वीडियो भी सामने आया है।
काम पर जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा
58 वर्षीय प्रेमलता हारिया निवासी गोपालपुरा मक्सी रोड तीन-चार घरों में गृहकार्य करने के लिए जाती है। सोमवार दोपहर करीब एक बजे महिला देसाई नगर निवासी हिमांशु शुक्ला के घर पर काम करने के लिए जा रही थी। देसाई नगर में सड़क चौड़ीकरण व नाला निर्माण कार्य चल रहा है। इससे शुक्ला के घर के बाहर खोदाई कर नाला निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके लिए लोहे के सरियों का जाल भी बनाया गया है।
संतुलन बिगड़ने से सरियों के जाल पर गिरी महिला
दोपहर में महिला नाले पर रखे पटिए पर चढ़कर शुक्ला के घर की टूटी सीढ़ियों पर चढ़ने का प्रयास कर रही थी, उसका हाथ छूट गया और वह नीचे सरिए पर गिर गई थी। सरिया उसके शरीर के आरपार हो गया था। दर्द से तड़प रही महिला का शोर सुनकर लोग एकत्र हुए और मशीन से सरिया काटकर महिला को नाले से बाहर निकाला था। इस दौरान एक कार्यक्रम में शामिल होकर वहां से लौट रहे महापौर मुकेश टटवाल ने भीड़ देखकर वाहन रुकवाया तो महिला नाले में गिरी हुई थी।
महापौर ने पहुंचाया अस्पताल, 2 घंटे चला ऑपरेशन
महापौर उसे अपने वाहन में निजी अस्पताल लेकर गए थे। निजी अस्पताल में करीब दो घंटे तक डॉक्टर व टीम ने महिला का ऑपरेशन कर सरिया बाहर निकाला है। सरिए के कारण महिला के पेट, आंत व दिल के समीप तक नुकसान पहुंचा है। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे का सीसीटीवी कैमरे का वीडियो सामने आया है, जिसमें शुक्ला के घर में प्रवेश करने के लिए नाले पर रखा पटिया पार कर सीढ़ियां चढ़ने का प्रयास कर रही थी। उसी दौरान उसका हाथ छूट गया और वह गिर गई।
